पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आयुक्त और लिपिक को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

आयुक्त और लिपिक को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता | गंगापुर सिटी

नगर परिषद कार्यालय में बुधवार रात रिश्वत लेते धरे गए नप आयुक्त जितेंद्र शर्मा और लिपिक राहुल कौशल को एसीबी सवाई माधोपुर शाखा ने गुरुवार को भरतपुर में एसीबी के विशेष न्यायालय में पेश किया। न्यायाधीश ने दोनों को एक दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। न्यायाधीश के आदेश के बाद एसीबी ने दोनों आरोपितों को भरतपुर की सेवर जेल पहुंचा दिया। शुक्रवार को दोनों को फिर से न्यायालय में पेश किया जाएगा।

बुधवार रात एसीबी की टीम आयुक्त और लिपिक को लेकर सवाई माधोपुर ले गई थी। दोनों आरोपितों की रात सवाई माधोपुर में ही कटी। गुरुवार दोपहर एसीबी टीम दोनों को एसीबी विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश करने के लिए एसीबी टीम सवाई माधोपुर से रवाना हुई। टीम ने दोनों को एसीबी के विशेष न्यायाधीश तनवीर अहमद के समक्ष पेश किया जहां से दोनों को जेल भेजने के आदेश दिए गए। न्यायालय के आदेशों के बाद एसीबी अधिकारियों ने दोनों को सेवर जेल भेज दिया।

नगर परिषद में दिनभर सन्नाटा

आम दिनों में लोगों की आवाजाही से आबाद रहने वाले नगर परिषद कार्यालय में गुरुवार को सन्नाटा पसरा रहा। कार्यालय में कार्मिक डरे सहमे नजर आए, हर किसी की जुबान पर बुधवार को हुए ट्रेप का घटनाक्रम ही था। हर कोई अपनी तरह से कयास लगा रहा था कि अब आगे क्या होगा। आयुक्त और लिपिक की जमानत कब तक होगी और उन्हें कब तक जेल में ही रहना पड़ेगा, इस बारे कर्मचारी और परिषद कार्यालय आने वाले लोग इस बारे में चर्चा करते देखे गए।

गंगापुर नगर परिषद में सन्नाटा

टाइम लाइन से जानिए कब क्या हुआ

बुधवार रात 8:00 बजे : लिपिक राहुल कौशल को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते एसीबी ने धर दबोचा। हाथ धुलवाए तो रंग आया।

बुधवार रात 9:00 बजे: पूछताछ में राहुल ने बताया कि ये रुपए उसने आयुक्त जितेंद्र शर्मा के लिए लिए हैं। एसीबी टीम ने आयुक्त और उनके कार्यालय को अपने कब्जे में लिया।

बुधवार रात 10 बजे: आयुक्त के कार्यालय में एसीबी ने फाइलें खंगाली, रिश्वत वाले मामले की फाइल जब्त

बुधवार रात 11:30 बजे: नप परिसर स्थित आयुक्त के आवास की तलाशी

बुधवार रात 12:00 बजे: आयुक्त और लिपिक औपचारिक तौर पर गिरफ्तार

बुधवार रात 12:30 बजे: गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आयुक्त और लिपिक का सामान्य चिकित्सालय में स्वास्थ परीक्षण कराया।

बुधवार रात 1:00 बजे: आयुक्त और लिपिक को लेकर एसीबी की टीम सवाई माधोपुर के लिए रवाना।

गुरुवार दोपहर 11:30 बजे: एसीबी टीम आयुक्त और लिपिक को लेकर भरतपुर एसीबी कोर्ट के लिए रवाना

गुरुवार दोपहर 3:50 बजे: विशेष एसीबी न्यायाधीश तनवीर अहमद के समक्ष उनके अस्थायी आवास सर्किट हाउस में दोनों आरोपितों को पेश किया।

गुरुवार दोपहर 4:20 बजे: एसीबी अधिकारियों ने न्यायाधीश के समक्ष अपनी दलीलें पेश की और मामले के बारे में न्यायाधीश को अवगत कराया।

गुरुवार दोपहर 4:22 बजे: विशेष न्यायाधीश ने आयुक्त और लिपिक को जेल भेजने के आदेश दिए।

खबरें और भी हैं...