पुलिया के लिए विधायक ने राशि दी, फिर भी नहीं हुए टेंडर
भास्कर संवाददाता | मेलानखेड़ा
खेड़ा पंचायत में गंभीर नदी पर मेलानखेड़ा के बीच पुलिया निर्माण तीन वर्ष से अटका हुआ है। इसके कारण बारिश में मेलानखेड़ा, उपरेड़ा सहित अन्य गांव के करीब 400 से अधिक किसान परेशान होते हैं।
ग्रामीणों ने बताया पुलिया नहीं होने से बारिश में रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। ज्यादा बारिश होने पर किसान खेत पर भी नहीं जा सकते। पुलिया नहीं होने के कारण 7 किमी अतिरिक्त चक्कर लगा कर खेतों तक पहुंचना पड़ता है। राधेश्याम धनगर, हीरालाल धनगर, अमृतलाल धनगर ने बताया बारिश में मार्ग बंद होने पर उपरेड़ा, सरवानिया महाराज, आंकली होते हुए खेत पर जाना पड़ता है। विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने पुलिया के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपए स्वीकृत किए थे। लेकिन टेंडर अब तक नहीं हुए हैं।