अपने शिक्षकों को सम्मानित कर गौरवान्वित हुए सांसद
अजमेर सांसद डॉ. रघु शर्मा रविवार को अपने स्कूल के शिक्षकाें को सम्मानित कर अभिभूत हो गए। डॉ रघु शर्मा ने कहा कि जिन गुरुजनों ने आज से 40 साल पूर्व छात्र जीवन में पढ़ाया था आज उन्हीं गुरुजनों का सम्मान करने का उन्हें अवसर मिला तो पुराने दिन याद आ गए।
सांसद शर्मा रविवार शाम को यहां राजकीय आदर्श बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सावर के सभागार में राजस्थान पेंशनर समाज सावर की ओर से आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि थे।इस अवसर पर 40 वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया जिसमें,4 महिलाएं भी शामिल रहीं। समारोह में सांसद शर्मा ने पेंशनरों काे शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर श्री फल भेंट करते हुए सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता सावर उपशाखा के अध्यक्ष लादूराम सुवालाका ने की तथा विशिष्ट अतिथि केकड़ी शाखा के संरक्षक सूरज किरण राठी थे। इस दौरान सावर शाखा के अध्यक्ष लादूराम ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह का संचालन रिटायर शिक्षक महेंद्र राव ने किया।