6.70 हजार क्विंटल गेहूं रखा है खुले में, किसानों को भी नहीं मिली राशि
मौसम लगातार खराब बना हुआ है। रोज शाम को हलकी बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग बारिश की चेतावनी दे रहा है इसके बावजूद समर्थन मूल्य पर खरीदा गया गेहूं खुले में रखा हुआ है। यह स्थिति इसलिए बन रही है क्योंकि उपज रखने जिले के गोदाम पहले से फुल है जबकि नई उपज का परिवहन भी ठीक से नहीं हो रहा है। ऐसे में खरीदी केंद्रों के बाहर अभी भी 28 फीसदी यानी 6 लाख 70 हजार क्विंटल गेहूं खुले में रखा हुआ है। इसी तरह अभी तक किसानों के खातों में भी पूरी राशि नहीं आई है। 84 करोड़ रुपए अभी भी आना बाकी हैं।
जिले के समर्थन मूल्य पर उपज खरीदी के लिए 160 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर जो उपज खरीदी जा रही है उसका समय से परिवहन नहीं हो पा रहा है। अभी भी 28 फीसदी उपज बाहर रखी है जो कभी भी बारिश से भीग सकती है।
34 हजार किसान बेच चुके हैं उपज:75 हजार किसानों में से 34 हजार 159 किसान गेहूं की उपज विक्रय कर चुके हैं। अभी तक 23 लाख 70 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी हो चुकी है। 17 लाख क्विंटल का परिवहन हो चुका है।
भुगतान पाने इंतजार कर रहे किसान: गेहूं खरीदी के बाद किसानों का भुगतान होना है। इसमें अभी तक कुल 3 अरब 24 करोड़ का भुगतान होना था जिसमें से किसानों को 2 अरब 41 करोड़ रुपए का भुगतान हो चुका है। शेष करीब 84 करोड़ रुपए अभी किसानों के खातों में जमा होना बाकी हैं।
अभी बना हुआ है खतरा, 24 घंटे की राहत फिर
तेज आंधी के साथ होगी बारिश
सीहोर, श्यामपुर| गुरुवार और शुक्रवार को भी सीहोर व श्यामपुर क्षेत्र में हुई बारिश से कई खरीदी केंद्रों के बाहर रखा गेहूं भीग गया था। आरएके कॉलेज स्थित मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी डॉ. एसएस तोमर के अनुसार अभी भी खतरा बना हुआ है। 24 घंटे की राहत के बाद फिर से मौसम खराब होगा और कुछ जगहों पर बारिश होगी। बारिश से श्यामपुर के बैरागढ़ खुमान व पड़ियाला खरीदी केंद्रों पर रखा गेहूं भीग गया। क्षेत्र में बनाए गए 19 समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों पर खुले आसमान के नीचे रखा सैकड़ों क्विंटल गेहूं बारिश से भीग गया।
कुछ दिन में स्थिति सामान्य होगी
जिला आपूर्ति अधिकारी शैलेष शर्मा ने बताया कि केंद्रों पर रखे गेहूं का परिवहन कराया जा रहा है। इस काम में तेजी लाई गई है। कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।