काका लायंस ने सीहोर ट्राइडेंट को हराया आज होगा अध्यक्ष ट्राॅफी का फाइनल
शहर के बीएसआई क्रिकेट मैदान पर चल रही अध्यक्ष ट्राफी नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में हरफनमौला खिलाड़ी नीरज डींगरा के 20 रन और 3 विकेट के दोहरे प्रदर्शन की बदौलत काका लायंस की टीम ने सीहोर ट्राइडेंट क्रिकेट टीम को 12 से हराकर प्रतियोगिता के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में पहले बल्लेबाजी करने उतरी काका लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 122 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसमें अतुल कुशवाहा ने 34 रन और नीरज डींगरा ने 20 रन की पारी खेली। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीहोर ट्राइडेंट क्रिकेट टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी। इसमें वीरु वर्मा और दीपक पाटिल ने 14-14 रन और कमलेश पारोचे ने 17 रन बनाए। वहीं काका लायंस की ओर से गेंदबाजी करते हुए नीरज डींगरा 3 विकेट, गौरव खरे 2 विकेट और राकेश धनगर ने 1 विकेट हासिल किया।
उम्दा खेलने वालों को दिया पुरस्कार: बैंक के संचालक और युवा नेता शशांक सक्सेना ने काका लायंस के नीरज डींगरा, रायल आफ सीहोर के देवेन्द्र डींगरा, गल्ला मंडी के सत्यम को मैन आॅफ द मैच दिया।
टेनिस बाल से हुए मैचों के परिणाम
टेनिस बाल श्रेणी में पहला मैच महादेव क्लब और रायल आफ सीहोर के मध्य खेला गया। इस मैच में रायल आफ सीहोर ने महादेव क्रिकेट क्लब को 27 रन से हराया। वाल्मीकि क्लब क्रिकेट टीम को गल्ला मंडी क्रिकेट टीम ने नौ विकेट से हराया। इसके अलावा शिव शक्ति क्लब ने सीहोर कोल्ड जैसी दिग्गज टीम को सात विकेट से हराया। एक अन्य मुकाबले में सीएम क्रिकेट क्लब ने हाउसिंग बोर्ड क्रिकेट टीम को 69 रन के बड़े अंतर से हराया।