सीहोर | जिला अस्पताल में शव वाहन नहीं होने के
सीहोर | जिला अस्पताल में शव वाहन नहीं होने के कारण कई परिवारों को शव ले जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जनहितैषी समस्या को देख सामाजिक संस्था रक्तदान समिति ने भोपाल सांसद आलोक संजर से शव वाहन की मांग की। शव वाहन सांसद निधि से दिए जाने का आश्वासन आलोक संजर ने दिया। इसके बाद यह राशि लैप्स हो गई, लेकिन शव वाहन नहीं मिला। यह बात रक्तदान समिति अध्यक्ष महेंद्र सिंह अरोरा मिंदी ने कही। रक्तदान समिति के अध्यक्ष श्री अरोरा ने बताया कि समिति के सदस्यों ने वर्ष 2015 में सांसद को ज्ञापन देकर सांसद निधि से जिला अस्पताल में शव वाहन दिए जाने की मांग की थी। इस पर सांसद श्री संजर ने सांसद निधि से शव वाहन देने की सार्वजनिक घोषणा की थी। श्री अरोरा ने बताया कि दो साल पूरे हो गए हैं, लेकिन शव वाहन नहीं मिल सका। वहीं इसकी राशि भी लैप्स हो गई है। अध्यक्ष श्री अरोरा ने बताया कि हाल ही में एक कार्यक्रम में सांसद ने सीवन नदी के गहरी करण व स्टॉप डेम बनाने के लिए 50 लाख रुपए सांसद निधि से देने मंजूरी दी है। समिति का कहना है कि सांसद श्री संजर ने सांसद निधि जनहित में खर्च नहीं की है।