पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • स्टेडियम डेढ़ साल पहले बनकर तैयार, हैंडओवर के इंतजार में खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रही सुविधा

स्टेडियम डेढ़ साल पहले बनकर तैयार, हैंडओवर के इंतजार में खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रही सुविधा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिलेभर में 8 खेल स्टेडियमों का निर्माण किया गया है। यह करीब डेढ़ साल पहले बनकर तैयार हो गए हैं, लेकिन इनका अभी शुभारंभ नहीं हो पाया है।

ऐसे में खेल विभाग को भी हेंडओवर नहीं किया गया है। इसके चलते खेल मैदानों की सुविधा खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रही है। साथ ही इन स्टेडियम देखरेख के अभाव में वीरान होते जा रहे हैं।

स्टेडियम के निर्माण के बाद जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इनका शुभारंभ कराना तय किया गया था। पिछले साल सीहोर के अल्हादाखेड़ी के स्टेडियम का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करने वाले थे, लेकिन अभी तक इसका शुभारंभ नहीं हो सका। जबकि यहां पर छह माह पूर्व यहां पर किसान सम्मेलन आयोजित किया जा चुका है। इसी तरह अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के स्टेडियम भी बनकर तैयार हैं। इनकी हालत भी खराब होने लगी है।

शहर में चल रहे खेल शिविर, ग्रामीण खिलाड़ियों को नहीं मिल रही सुविधा : जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में एक मई से 30 मई तक विभिन्न खेल की गतिविधियों का खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण प्रतिभाओं को इसका मौका नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण खिलाड़ी फुटबाल, क्रिकेट, जूडो-कराटे, बास्केट बाल, वालीबाल, टेबल टेनिस, हैंडबाल, कुश्ती, बाक्सिंग सहित अन्य खेल का प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है।

हेंडओवर नहीं हुआ तो खिलाड़ियों को कैसे मिले मैदान का लाभ : जिले के 8 स्टेडियमों के बनकर तैयार होने के करीब डेढ़ साल बीत चुका है। ऐसे में खेल एवं युवा कल्याण विभाग को एक भी स्टेडियम हेंडओवर नहीं किया है। ऐसे में ग्रामीण खिलाड़ियों को कैसे मौका मिलेगा। जबकि खेल विभाग के माध्यम से खिलाड़ियों को तरासने कई प्रयास किए जा रहे हैं। इन स्टेडियमों में ताला डला हुआ है।

मॉडल स्कूल ग्राउंड पर स्टेडियम निर्माण का चल रहा काम : मॉडल स्कूल इंदौर-भोपाल हाइवे पर छात्रावास और स्कूली खिलाड़ियों को खेल मैदान की दरकार थी। यहां पर खेल मैदान नहीं होने के कारण मॉडल स्कूल के खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पाता था। अब यहां पर खेल मैदान तैयार करने मिट्टी की भर्ती कर लेवलिंग का काम चल रहा है। बारिश से पहले यह खेल मैदान बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद यहां के खिलाड़ियों को फुटबाल, क्रिकेट, कबड्डी सहित अन्य खेलों के लिए मैदान मिल जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में चल रहा शहर में ग्रीष्म कालीन खेल प्रशिक्षण शिविर

आठ जगहों पर स्टेडियम बनकर तैयार

ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को लाभ पहुंचाने राजीव गांधी ग्रामीण खेल मैदान बनाए गए हैं। इसके तहत बकतरा में 55 लाख, बुदनी में 60 लाख, नसरुल्लागंज में 65 लाख, रेहटी में 60 लाख, अल्हादाखेड़ी में 80 लाख, इछावर में 80 लाख, सिद्दीकगंज में 80 लाख और चकल्दी में भी 80 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए हैं।

शासन स्तर से चल रही कार्रवाई

स्टेडियम बनकर तैयार हैं। इनका शुभारंभ किया जाना है। हेंडओवर के लिए शासन स्तर से कार्रवाई की जा रही है। जब निर्देश मिल जाएंगे। खिलाड़ियों को इन मैदानों की सुविधा दे दी जाएगी। -आनंद स्वामी, खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग

खबरें और भी हैं...