सीहोर | जिला अस्पताल की लिफ्ट कई दिनों से खराब पड़ी है। इस कारण गंभीर मरीजों को भी उठाकर ले जाना पड़ रहा है। यही नहीं यहां पानी की भी काफी किल्लत हो रही है। हालांकि टैंकरों से पानी मंगवाया जा रहा है लेकिन फिर भी परेशानी हो रही है। अस्पताल में कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। पिछले कुछ दिनों से अस्पताल की लिफ्ट खराब पड़ी है। इससे मरीज परेशान हो रहे हैं। ओपीडी से जब वार्ड में गंभीर मरीजों को शिफ्ट करना होता है तो परिजनों के सामने बड़ी समस्या हो जाती है। स्ट्रेचर पर ले जाने के लिए दो से तीन लोगाें की जरूरत होती है। इसलिए लोग उठाकर ही अस्पताल के वार्ड तक मरीजों को पहुंचा रहे हैं। उधर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि लिफ्ट में जो तकनीकी खराबी आई है उसे शीघ्र ठीक कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित कंपनी को पत्र लिखा गया है।
अधिक पानी बहाने से हो रही दिक्कत : अस्पताल में सबसे बड़ी समस्या पानी की हो रही है। इस समय 4 से 6 टैंकर तो प्रतिदिन अस्पताल प्रबंधन मंगा रहा है जबकि दो टैंकर नगर पालिका भी दे रही है। इसके बाद भी अस्पताल में पानी की समस्या हो रही है।