रोजगार से जोड़ने परख रहे क्षमता, बच्चों को मिलेगी मदद
आने वाले भविष्य में बच्चों को रोजगार से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने अभी से प्रयास शुरू कर दिए हैं। दसवीं उत्तीर्ण करने के बाद बच्चे पालकों के दबाव और अपनी मनमर्जी से कठिन विषय चुन लेते हैं। इस विषय में उनकी रूचि नहीं होने के कारण आगे चलकर विद्यार्थी या तो दूसरा विषय पकड़ लेते हैं या उसी विषय को चुनकर अपनी राह कठिन कर लेते हैं।
बुधवार को लोक शिक्षण संचालनालय ने विद्यार्थियों का फरवरी में अभिरूचि परीक्षण लिया। इसके बाद 9 से 21 अप्रैल तक क्षमता परीक्षण किया जा रहा है। क्षमता परीक्षण के बाद विभाग विद्यार्थियों के सामने उनकी रूचि के अनुसार विषय का चयन करेगा। जिस विषय में विद्यार्थी की रूचि रहेगी, उसे वही विषय लेकर आगे की पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करेगा। इसमें दसवीं की परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों से भाषिक क्षमता, तार्किक क्षमता, अवकाशीय क्षमता तथा सांख्यिकीय क्षमता के प्रश्न पूछे जा रहे हैं। इस प्रश्न को हल करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की है।