लोन दिलाने देवरानी-जेठानी ने 50 से अधिक महिलाओं से की डेढ़ लाख की ठगी
आष्टा क्षेत्र में इन दिन पुरुष की जगह महिलाएं अपराध में आगे आ रही हैं। यही वजह है कि पिछले दिनों जहां तीन महिलाओं को गांजा बेचते हुए पुलिस ने दबोचा था, वहीं बुधवार को पुलिस ने देवरानी और जेठानी को भी धोधाखड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इन दोनों महिलाओं ने बैंक से लोन दिलाने के नाम पर करीब 50 से अधिक अन्य महिलाओं के साथ ठगी की। इन महिलाओं ने किसी से 5 हजार तो किसी से 7 हजार रुपए लेकर करीब डेढ़ लाख की धोखाधड़ी की है। इनके खिलाफ फिलहाल 50 मामले उजागर हुए हैं।
आष्टा पुलिस के अनुसार गांव पगारिया हाट निवासी अफसाना बी प|ी शकील खां और गांव डोराबाद निवासी फरीदा बी प|ी शौकत मंसूरी ने आष्टा, जावर और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को लोन दिलाने के नाम पर रुपए एंठे हैं। बताया जाता है कि यह दोनों महिलाएं रिश्ते में देवरानी-जेठानी है और इन्होंने नर्मदा मालवा बैंक, बैंक आफ इंडिया, स्टेट बैंक और अन्य बैंकों के लोन दिलाने के नाम महिलाओं को झांसे में लिया।
इन महिलाओं ने पचास हजार से दो लाख रुपए तक लोन दिलाने के लिए महिलाओं से आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, फोटो और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज एकत्रित किए। लोन दिलाने के नाम पर दोनों महिलाओं ने सभी से एडवांस में 5 हजार से 20 हजार रुपए तक लिए।
पुलिस ने बताया कि 1 मार्च 2017 से लेकर 16 जनवरी 2018 तक इन्होंने पचास से अधिक महिलाओं को चूना लगाया। जब महिलाओं को लोन नहीं मिला तो उन्होंने जनवरी के बाद से थाने में शिकायत करना शुरु कर दिया। मामले में जांच के दौरान सामने आया कि इन दोनों महिलाओं ने अन्य महिलाओं से करीब 1 लाख 41 हजार रुपए हड़पे हैं। पांच नामजद लोगों ने भी इनकी शिकायत की थी। आष्टा पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।