सीहोर | मध्यप्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रही है। इसमें जिलेभर के करीब 160 इंजीनियर हड़ताल पर हैं। इससे सीहोर के फोरलेन सहित अन्य सड़कों के काम प्रभावित हो रहे हैं। यही नहीं सिंचाई, भवन निर्माण के कामों के अलावा जल प्रदाय के काम पर भी असर पड़ा है।
मध्यप्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल 2 मई से चल रही है। इसमें जिन विभागों के इंजीनियर शामिल हैं उनमें जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग, सर्व शिक्षा मिशन, मनरेगा, जनपद आदि हैं। इन कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से कई कामों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। सीहोर में फोरलेन का निर्माण हो रहा है। इसी तरह मंडी से दोराहा तक भी सड़क बन रही है। सीहोर नगर की बात करें तो तीन पुलों का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं जिलेभर में भी कई पुल-पुलियाओं का काम चल रहा है। जल प्रदाय के कामों पर भी असर पड़ने लगा है।