शुक्रवार दोपहर कस्बा क्षेत्र में दो लोगों के बीच विवाद इस कदर बढ़ा कि नौबत गोली चलने तक की आ गई। बताया जाता है कि गोली चलने से एक युवक को चोटें भी आई हैं, लेकिन मौके पर पुलिस पहुंची को कुछ हाथ नहीं लगा। बस दिनभर इस तरह की चर्चा बाजार में चलती रही।
जानकारी के अनुसार कस्बा क्षेत्र में पीली मस्जिद के पास चौराहे पर दो लोगों के बीच जुए सट्टे की बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने बंदूक निकालकर फायर कर दिया। बताया जाता है कि इससे एक व्यक्ति घायल हो गया। हालांकि मामला पेचीदा यह हो गया कि गोली लगने वाला व्यक्ति का भी किसी को पता नहीं लग सका। अस्पताल से भी किसी के घायल होने की सूचना पुलिस को नहीं मिली। कोतवाली थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि कस्बा स्थित होटल मुस्कान के पास विवाद और गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर मुआयना किया। घटना की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि यहां पर दो लोगों असलम और अासिफ के बीच विवाद हुआ है, लेकिन गोली चलने की बात सामने नहीं आई है।