पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • डायवर्ट रूट सिंगल होने से दिनभर लगा रहा जाम, आधा किमी के सफर में लगे 30 मिनट

डायवर्ट रूट सिंगल होने से दिनभर लगा रहा जाम, आधा किमी के सफर में लगे 30 मिनट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हाउसिंग बाेर्ड से चौपाल सागर तक बन रहे फोरलेन का बचा काम भी शुरु हो गया है। गंगा आश्रम स्थित ट्रामा सेंटर से बस स्टैंड तक का काम शुरु हुआ है जिससे वाहनों को डायवर्ट रूट सब्जी मंडी होते हुए आनंद डेयरी से बस स्टैंड भेजा जा रहा है, लेकिन इस मार्ग के संकरा होने के कारण परेशानी हो रही है। हालत यह है कि सोमवार को सुबह से शाम तक आधा किमी तक जाम की स्थिति बनी रही। लोगों को इस रास्ते को तय करने में 30 मिनट तक का समय लगा।

फोरलेन निर्माण के कारण ट्रामा सेंटर से बस स्टैंड जा रहे हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है। यहां पर सड़क की खुदाई का काम चल रहा है। इसलिए दुपहिया और चार पहिया वाहनों को ट्रामा सेंटर से सब्जी मंडी से आष्टा रोड होते हुए आनंद डेयरी से बस स्टैंड भेजा जा रहा है। लेकिन इस मार्ग के संकरा होने से यहां पर दिनभर लोग जाम में फंसे रहे। तेज धूप के कारण पड़ रही गर्मी के बीच जब लोग जाम में फंसे तो उनकी हालत खराब हो गई।

संकरा रोड होने से लोगों को हो रही परेशानी

कई वाहन चालक कोलीपुरा तिराहे से बायपास होते हुए पहुंचे बस स्टैंड

गंगा अाश्रम फाेरलेन रोड का काम शुरू हाेने के कारण रोड को किया गया है डायवर्ट। पुरानी सब्जी मंडी और जगदीश मंदिर के पास बार-बार लग रहा है जाम जिससे लोगों को हो रही है परेशानी।

गंगा आश्रम की 5 हजार की आबादी को होगी दिक्कत

गंगा आश्रम के करीब पांच हजार लोगों को इस फोरलेन निर्माण से एक माह तक दिक्कतें होंगी। इसमें से कई लोगों के रास्ते तक बंद हो जाएंगे। काम चलने के कारण कई लोग चार पहिया वाहनों का भी उपयोग नहीं कर सकेंगे। मंगलवार को बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। बाजार का दिन होने के कारण इस दिन काफी भीड़ रहेगी। अभी लग्नसरा होने से भी काफी भीड़ हो रही है। ऐसे में यदि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो समस्या होगी। इस संबंध में एसडीएम राजकुमार खत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था बहाल करने के लिए कहा जाएगा।

स्टैंड से ट्रामा सेंटर तक 800 मीटर बन रहा रोड

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर गोपाल राय ने बताया कि बस स्टैंड से ट्रामा सेंटर तक 800 मीटर लंबा फोरलेन बन रहा है। इसे बनने में करीब एक माह का समय लगेगा।

ये रही बड़ी खामियां

काम शुरु करने से पहले डायवर्ट रूट के बारे में जानकारी नहीं दी गई। इसलिए लोग समझ ही नहीं सके। कई लोग रविवार को बस स्टैंड से गंगा आश्रम तक आ रहे थे और जब यहां पर देखा कि खुदाई हो रही है तो फिर वापस लौट रहे थे।

डायवर्ट रूट सिंगल मार्ग होने से यहां से आवागमन नहीं हो पा रहा है। इसी मार्ग पर दुपहिया और चार पहिया वाहनों के आने-जाने से जाम लगा रहा।

यातायात पुलिस ने पर्याप्त बल तैनात नहीं किया जिससे एक या दो कर्मचारी व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे थे।

यातायात सुधार के लिए ये हो सकते हैं उपाय

1. चार पहिया वाहनों के आवागमन को डायवर्ट रूट से पूरी तरह रोक देना चाहिए। चार पहिया वाहन चालकों को कोलीपुरा तिराहे से बायपास से बस स्टैंड भेजना चाहिए। इससे काफी राहत मिलेगी।

2. इसी तरह कुछ वाहनों को शुगर मिल चौराहा से कोतवाली चौराहा से भोपाल नाका भेजा जाना चाहिए। इस तरह से समस्या को कम किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...