लोन चुकाया तो बैंक ने दिया छह बार ऋण, स्वरोजगार किया शुरु
नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक ने छोटे ऋण दाताओं का किया सम्मान
भास्कर संवाददाता | सीहोर
नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक ने कोतवाली चौराहा स्थित ब्रांच में ऋणी उपभोक्ताओं का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर पांच छोटे ऋण दाताओं का सम्मान किया। जिन्होंने 50 हजार रुपए लेकर स्वरोजगार की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्हें तीन से छह बार बैंक ने लोन दिया। अब इन उपभोक्ताओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो गई है।
बैंक शाखा प्रबंधक कल्पना सक्सेना ने बताया कि शाखा में माह के माह की 15 तारीख को ग्राहक दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत ऐसे ग्राहकों का सम्मान किया जाएगा। जिन्होंने छोटा लोन लेकर स्वरोजगार स्थापित किया। साथ ही ऋण भी चुकाया है। ऐसे भरोसेमंद 5 उपभोक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उषा बाई शाहपुर, अनिता बाई जहांगीरपुरा, लाड़ सिंह बिजोरा, राकेश कुमार सीहोर, रानी बाई नयापुरा को सम्मानित किया गया। इन ग्राहकों को 50 हजार रुपए का पहली बार ऋण बैंक ने दिया था। इसके बाद इनके नियमित किश्त चुकाने पर 3 से छह बार ऋण बैंक दे चुकी है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। जबकि इन गांवों में कई उपभोक्ता डिफाल्टर है। सहायक प्रबंधक नीता पटेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगले माह की 15 तारीख को नए छोटे उपभोक्ताओं को बढ़ावा देंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा गरीब वर्ग के लोग लोन लेकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें।