- Hindi News
- National
- घरों के कनेक्शन खेत के ट्रांसफार्मर से जोड़े, हो रही बिजली कटौती, आवास की किस्त नहीं मिली
घरों के कनेक्शन खेत के ट्रांसफार्मर से जोड़े, हो रही बिजली कटौती, आवास की किस्त नहीं मिली
पीएम आवास की किस्त के लिए नपाध्यक्ष ने लगााई फटकार
भास्कर संवाददाता | सीहोर
ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने का दावा कर रही बिजली कंपनी की मनमानी का कई ग्रामीण शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही मामला कलेक्टोरेट में पहुंचा। यहां सेमरा दांगी के ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि करीब 24 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन खेत वाली बिजली लाइन से जोड़ दिए हैं। इससे आए दिन बिजली कटौती हो रही है। इसी तरह शहर में पीएम आवास की तीसरी किश्त जारी नहीं करने की शिकायत मिलने पर नपाध्यक्ष ने फटकार लगाकर अधिकारियों को शीघ्र खातों में भेजने के आदेश दिए हैं।
सेमरा दांगी गांव के ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट में शिकायत कर बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों की मनमानी के चलते उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली कंपनी ने गांव के बाहर एक दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर लगा दिए हैं। वहीं खाती मोहल्ले के करीब दो दर्जन घरों के बिजली कनेक्शन खेत वाली बिजली लाइन से दिए हैं।
इससे आए दिन बिजली कटौती हो जाती है। साथ ही वोल्टेज के अभाव में पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे कई परेशानियां हो रही है। वहीं बिजली विभाग के भारी भरकम बिजली देने से ग्रामीण समय पर बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं। इस मौके पर मदन लाल वर्मा, ठाकुर प्रसाद, बाबूलाल, कमलेश, विनोद, अशोक, अजय सेन, बिहारीलाल, प्रीतम धनगर, हरिओम वर्मा आदि उपस्थित थे।
पीएम आवास की राशि जारी नहीं करने पर नपाध्यक्ष ने कर्मचारियों को लगाई फटकार : नपाध्यक्ष ने अमीता अरोरा ने वार्ड क्रमांक 11 में बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना में आ रही दिक्कतों को पर चर्चा की। इस मौके पर लोगों ने बताया कि उनकी आवास की किश्त अटकी हुई है। बारिश से पहले मकान पूरा नहीं हुआ तो काफी परेशानी होगी। इस दौरान पार्षद आरती खंगराले ने बताया कि जीरो ट्रेकिंग कार्य की टीम पीएम आवास निर्माण की प्रगति जांचने के लिए आती है। इस दौरान सर्वे ठीक से नहीं होने के कारण कई हितग्राहियों की दूसरी और तीसरी किश्त अटकी हुई है। इस पर नपाध्यक्ष अमीता अरोरा ने नपा के कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई। साथ ही कहा कि शीघ्र ही सभी हितग्राहियों के मकान निर्माण की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर किश्त जारी कराए।
छह माह से तहसील कार्यालय के लगा रहे चक्कर, जमीन बंटवारा नहीं हुआ : कोड़िया छीतू गांव के किसान मांगीलाल मालवीय ने शिकायती आवेदन दिया। इसमें बताया कि पिछले छह माह से जमीन के बंटवारे के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। इसके बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका है। किसान ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के हल्का पटवारी भूमि बंटवारे के लिए 50 हजार रुपए की मांग की जा रही है। इस पर कलेक्टर तरुण कुमार पिथोड़े ने शीघ्र ही जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
करीब दो दर्जन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन खेत वाली बिजली लाइन से जोड़े