आप की मांग: किसानों के कर्ज माफ कर बिजली के दाम आधे करें
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर तरुण कुमार पिथोड़े को ज्ञापन दिया। इस मौके पर कहा कि जिले के किसानों का कर्ज माफ किया जाए। साथ ही बिजली के दाम आधे कर युवाओं को रोजगार प्रदान करें। यदि 26 मई तक उक्त मांगे पूरी नहीं होती है तो अनिश्चित कालीन हड़ताल कर सरकार का विरोध करेंगे।
आप के सीहोर विधानसभा प्रभारी केपी सिंह बघेल ने बताया कि पिछले तीन साल से किसान कम बारिश, अतिवृष्टि, फसलों के कम दाम, समय पर उचित बीज न मिलने के कारण कर्ज से परेशान हैं। हालत यह है कि किसान लहसुन और टमाटर एक रुपए प्रति किग्रा बेचने को मजबूर हैं। इससे किसान मजबूरी में आत्म हत्या कर रहे हैं। ऐसे में कर्ज में दबे किसानों का कर्ज माफ किया जाए। साथ ही बिजली के अधिक दाम के चलते किसानों को बिल के भुगतान में भी काफी परेशानी हो रही है। बिजली का बिल आधा किया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 25 लाख से अधिक शिक्षित बेरोजगार हैं। बेरोजगारी के चलते युवा गलत कदम उठाने को मजबूर हैं। इसी तरह अन्य विषयों पर सरकार चर्चा कर उचित निराकरण करें। उक्त समस्याओं का निराकरण 26 मई तक नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी प्रदेश स्तरीय अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेगी।
ज्ञापन देकर मांग करने वालों में आप सचिव विश्वास बगवैया, अरविंद प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी राजेश विश्वकर्मा, सह प्रभारी रामचंद्र कोटिया, दिलीप सिंह दांगी, एचपी मालवीय, अनुराग मिश्रा, रमाकांत शर्मा आदि उपस्थित थे।