चार महीनों से सीवन पुल के पास था फोरलेन का काम
चार महीनों से सीवन पुल के पास था फोरलेन का काम
भास्कर संवाददाता | सीहोर
पिछले चार महीनों से सीवन नदी पर पुल निर्माण और फोरलेन का काम इसलिए रुका हुआ था कि यहां पर सामने देवी मंदिर के आगे की मढ़िया आ रही थी। बाद में प्रशासन ने स्थानीय लोगों से चर्चा के बाद बुधवार यहां से विधिवत प्रतिमाओं को हटाकर पास के नृसिंह मंदिर में रखवाया। अब फोरलेन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
नगर में हाउसिंग बोर्ड से चौपाल सागर तक 8 किमी लंबा फोरलेन बनाया जा रहा है। सीवन नदी के पास भी इस काम काे रोकना पड़ा था। पहला कारण यह था कि यहां पर जो पुल बनाया जा रहा था उसे कई बार लोगों ने विरोध कर रुकवाया था। इसी तरह देवी मंदिर प्रांगण के इस छोटे मंदिर को हटाने के लिए भी विरोध किया गया था। प्रशासन के सामने समस्या यह थी कि यदि इस नक्शे को बदला जाए तो दूसरी तरफ दुकानें होने के कारण काफी नुकसान होता और कई लोग प्रभावित होते। इसलिए दूसरी तरफ से ही फोरलेन निकाला गया। एसडीएम राजकुमार खत्री सहित अन्य अमला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से प्रतिमाओं को विधि विधान से पास के मंदिर में रखवाया गया। 8 किमी के मार्ग केवल डेढ किमी काम बचा है।
जून तक बन जाएगा मार्ग
यह काम अब जून माह तक पूरा हो जाएगा। इसकी स्ट्रीट लाइट का अभी फाइनल नहीं है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर गोपाल राय ने बताया कि काम तेजी से कराया जा रहा है।