बदलेगा मौसम, तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार
आने वाले दिनों में भी अभी तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। हालांकि तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी होगी और अधिकतम तापमान फिर से 43 डिग्री तक जाएगा।
बुधवार को सुबह से ही तेज गर्मी का असर दिखाई दिया जो शाम तक रहा। बुधवार को भी सुबह से ही तेज गर्मी थी। दोपहर के समय तो कूलर भी ठंडी हवा नहीं दे पा रहे थे। बुधवार को भी सुबह 11 बजे के बाद से तेज हवाएं चलीं।
अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री पर पहुंचा
लगातार अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। आरएके कॉलेज स्थित मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी डॉ. एसएस तोमर के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी होगी। वहीं आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे और बारिश भी हो सकती है।