भोपाल के युवकों से क्रिसेंट वाटर पार्क में मारपीट, 4 पर एफआईआर
क्रिसेंट वाटर पार्क में रविवार को भोपाल के तीन युवकों के साथ मारपीट हुई। पीड़ित युवकों ने क्रिसेंट वाटर पार्क के कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जाता है की मारपीट के शिकार हुए इन युवकों में से एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उधर वाटर पार्क के कर्मचारी मनोज मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि स्लाइडर पर व्यवस्था बनवाने के दौरान दो अज्ञात युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी। इंदौर-भोपाल फोरलेन स्थित क्रिसेंट वाटर पार्क में रविवार दोपहर को विजिटर और कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। कोतवाली पुलिस के अनुसार भोपाल की शिव नगर कॉलोनी साउथ टीटी नगर 74 बंगला निवासी अनिल गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि क्रिसेंट वाटर पार्क के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। मारपीट की इस घटना में अनिल गुप्ता के साथ रवि प्रकाश साहू और एक अन्य को चोटें आई हैं। रवि प्रकाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद वे भोपाल चले गए। अनिल गुप्ता की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने वाटर पार्क के 4 अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि विवाद का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।