पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 2002 के बाद दूसरी बार मई सबसे गर्म, 8 दिन में तीसरी बार 43.50 पर पारा, रोड का डामर पिघला

2002 के बाद दूसरी बार मई सबसे गर्म, 8 दिन में तीसरी बार 43.50 पर पारा, रोड का डामर पिघला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नौतपा भले ही चार दिन बाद हो, लेकिन तेज गर्मी का दौर जारी है। बढ़ती तपन में पंखे और कूलर की रफ्तार भी राहत देने में नाकाफी साबित हो रही है। शनिवार को 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा अधिकतम तापमान रविवार को गर्म हवा के कारण तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 43.5 डिग्री पर थमा। इसका सीधा असर लोगों के जनजीवन पर पड़ रहा है। हालांकि रात के तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट हुई है लेकिन गर्म हवा का असर कम नहीं हुआ। पिछले आठ दिनों में तीसरी बार दिन का पारा 43.5 डिग्री पर पहुंचा है। इससे पहले मई 2002 की स्थिति में तापमान मई के पहले छह दिनों में 43 से बढ़कर 45.5 डिग्री तक पहुंचा था, जबकि पिछले साल इसके ठीक विपरीत मई के अधिकांश दिनों में पारा 40 डिग्री से नीचे ही रहा। हालांकि नौतपे में 43.5 डिग्री तापमान पहुंचा था। लेकिन इस साल स्थिति यह है कि नौतपे के पहले ही तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

रविवार को न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि आने वाले दिन भी तापमान और बढ़ेगा। मौसम विभाग के रिकार्ड पर नजर डालें तो 13 और 14 मई को भी अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रह चुका है।

पिछले साल नौतपा को छोड़कर मई के अधिकांश दिनों में पारा 40 डिग्री के नीचे था

गर्मी अधिक पड़ने के कारण डमर की रोड पर पिघलने लगा डामर।

4 दिन बाद नौतपा, 5 दिन ज्यादा तपेंगे

सूर्य का रोहणी नक्षत्र में प्रवेश 25 मई की शाम से होगा। इसी के साथ नवतपा की शुरूआत भी होगी जो 3 जून तक चलेंगे। यह 26 मई से असर दिखाएगा। ज्योतिष के अनुसार नवतपा के पहले 5 दिन खूब तपेंगे। हालांकि मौसम विभाग ने नवतपा के दौरान बारिश की संभावना भी जताई है। इससे तापमान में थोड़े समय के लिए गिरावट आ सकती है लेकिन गर्मी से अभी राहत नहीं मिलेगी।

पिछले 5 दिनों में ऐसे बढ़ा दिन और रात का तापमान

दिनांक अधिकतम न्यूनतम

15 मई 40.5 25.9

16 मई 41.5 25.5

17 मई 40.5 28.0

18 मई 42.0 28.0

19 मई 43.2 29.0

(नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में, स्रोत: मौसम विभाग)

देर रात तक होता है गर्म हवा का अहसास

दोपहर में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लू के थपेड़ों सी लग रही हैं। रात 9 बजे तक भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती हैं। लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए दिन में गमछे आदि कपड़ों से चेहरा ढंककर निकलते हैं।

खान-पान का रखें ध्यान

सिविल सर्जन डॉ. एए कुरैशी ने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी की कमी से उल्टी-दस्त, पेट दर्द आदि रोगियों की संख्या बढ़ने लगती है। इसलिए लोगों को खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हल्का भोजन लें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। घर से निकलने से पूर्व पानी स्वच्छता का ध्यान रखें।

खबरें और भी हैं...