108 एंबुलेंस वाहन चालकों को बीते माह का वेतन आधे से भी कम दिया गया है। कर्मचारियों को दो से 6 हजार रुपए तक अलग-अलग दिए हैं। जबकि वेतन 9500 से 10 हजार रुपए निर्धारित है। वेतन काटने के विरोध में कर्मचारियों ने रविवार को भोपाल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही वाहन अस्पतालों में खड़े कर दिए।
108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ का कहना है कि जिकित्सा हेल्थ केयर कंपनी समय पर वेतन नहीं देती है। अब बीते माह की तनख्वाह 2 हजार से लेकर 6 हजार रुपए तक दी है। 18 एंबुलेंस वाहन चालकों के वेतन काटे जाने के विरोध में कर्मचारियों ने भोपाल में धरना करने का निर्णय लिया। रविवार को भी 108 एमरजेंसी वाहन अस्पताल में खड़े रहे। सभी 108 एंबुलेंस वाहन चालक भोपाल धरने में शामिल हुए थे। वाहनों के खड़े रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। एंबुलेंस कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जीतेंद्र धनवाल ने बताया कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला तो हड़ताल जारी रहेगी।
8 और 12 घंटे के बीच उलझा पेच : कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दिनों कर्मचारियों ने कंपनी के 12 घंटे ड्यूटी कराए जाने का विरोध किया था। इसके बाद 8 घंटे ड्यूटी के लिए सहमति बन गई थी। श्रम विभाग में मामला होने से फिर से फैसला आने तक 12 घंटे ड्यूटी करने के आदेश दिए गए थे।