प्रज्ञा योग के बाद 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में दी आहुतियां
नूतन हायर सेकंडरी स्कूल इंग्लिशपुरा में शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में आयोजित 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के तीसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए अाैर अाहुतियां दीं। सुबह 8 बजे से प्रज्ञा योग कार्यक्रम के बाद 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, दीक्षा, नामकरण व अन्य संस्कार हुए। ये सभी शांति कुंज हरिद्वार से आए कथा वाचक पंडित श्याम विहारी दुबे ने कराए। इन्हाेंने पिछले दिनाें इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, डेनमार्क आदि दस देशों की चार माह की यात्रा कर प्रज्ञा पुराण का वाचन किया। सायंकालीन सत्र में पंडित आचार्य श्री राम शर्मा द्वारा रचित प्रज्ञा पुराण का संगीतमय कथा वाचन किया गया। इसके बाद दीप यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लाेगाें ने लाभ लिया। 14 अप्रैल को पूर्ण आहुतियों के साथ महायज्ञ का समापन होगा अाैर इसके बाद प्रसादी का वितरण किया जाएगा।