अपनी मांगों को लेकर हड़ताल करने की तैयारी में नगर पालिका कर्मचारी
नगर पालिका कर्मचारी महासंघ ने सम्मेलन में
भास्कर संवाददाता | सीहोर
नगर पालिका महासंघ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन शहर के टाउन हॉल में रविवार को आयोजित किया गया। इस दौरान महासंघ के कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही मांगों के निराकरण कराने अब प्रदेश स्तरीय हड़ताल पर जाने की तैयारी भी कर ली है।
मप्र नगर पालिका एवं संचालनालय, स्थानीय संस्थाएं, कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया। इसमें प्रमुख सात मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही राज्य शासन को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। इसमें प्रमुख मांगे नियमित कर्मचारियों को सातवें वेतन का लाभ सीधे ना दिया जाए। बल्कि विसंगति पूर्ण आदेश को सुधारकर इसे लागू किया जाए। दैनिक वेतन कर्मचारी वर्ष 2016 तक जो कार्य पर लिए गए हैं, उन्हें स्थाई किया जाए।
नगरीय निकाय कर्मचारियों को भी शासकीय कर्मचारियों की भांति चिकित्सा प्रतिपूर्ति लाभ एवं समयमान वेतनमान का लाभ दिया जाए। इस तरह की अन्य मांगों को लेकर चर्चा कर ज्ञापन देने का निर्णय लिया। साथ ही मांगों के पूरा नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन व हड़ताल करने का निर्णय लिया। उक्त कार्यक्रम में प्रदेश के पदाधिकारी अध्यक्ष राकेश मिश्रा, प्रांतीय संरक्षक जीके पांडे, अशोक रामावत, योगेश राठी, जीएस वीलभान, पवन मिश्रा, रामेश्वर शर्मा, मो. साइन खान, मनोज झवर, टीकम अग्रवाल, निर्मल जैन, राजेंद्र सोनी, राजकुमार सोनी, राजेश गुप्ता आदि उपस्थित थे।