पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ट्रामा सेंटर से पोस्ट ऑफिस तक एक किमी हाईवे 30 दिन रहेगा बंद, रूट डायवर्ट किए

ट्रामा सेंटर से पोस्ट ऑफिस तक एक किमी हाईवे 30 दिन रहेगा बंद, रूट डायवर्ट किए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हाउसिंग बोर्ड से चौपाल सागर तक बनाए जा रहे फोरलेन रोड का काम रविवार को गंगा आश्रम से शुरू हो गया। इसमें अब ट्रामा सेंटर से पोस्ट ऑफिस चौराहा तक करीब एक किमी तक रोड का निर्माण होगा। इससे दोनों तरफ से हाइवे बंद कर दिया गया है। यह करीब 30 दिनों तक बंद रहेगा। इस दौरान वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।

शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से चौपाल सागर तक 8 किलोमीटर लंबे हाईवे पर फोरलेन निर्माण का काम करीब ढाई किमी बचा हुआ है। सबसे व्यस्ततम क्षेत्र गंगा आश्रम में अब इस मार्ग का काम शुरू हो गया है। रविवार को जेसीबी से रोड की खुदाई का काम किया गया।

एक तरफ रोड बनने के बाद छोटे वाहनों के लिए खोल देंगे रास्ता

पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर गोपाल राय ने बताया कि शहरी क्षेत्र होने के कारण गंगा आश्रम क्षेत्र में तेजी से काम चलेगा। बीच में एक तरफ की रोड बनने के बाद छोटे वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खोल दिया जाएगा।

शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र गंगा आश्रम पर काम, इस रोड से रोज निकलते हैं 5000 वाहन

फोरलेन निर्माण के लिए बेरिकेड्स लगाकर मार्ग बंद कर दिया गया है। वाहन डायवर्ट रूट से निकल रहे।

इस तरह परिवर्तित किए गए हैं मार्ग, जानिए कहां जाने के लिए कौन सा रूट चुनें

1 नदी चौराहा से बस स्टैंड : यदि आप नदी चौराहा तरफ से बस स्टैंड जाना चाहते हैं तो ट्रामा सेंटर के पास से सीधे लाल मस्जिद होते हुए आनंद डेयरी से पहुंच सकते हैं।

2 भोपाल नाका, इंग्लिशपुरा, हाउसिंग बोर्ड को : जो लोग भोपाल नाका, इंग्लिशपुरा, हाउसिंग बोर्ड जाना चाहते हैं वह सीधे ट्रामा सेंटर से कोतवाली चौराहा होते हुए इन जगहों पर पहुंच सकते हैं।

3 इंदौर से आने वाली बसें : इंदौर तरफ से आने वाली बसों को अब सीधे बायपास से सैकड़ाखेड़ी जोड़ से बस स्टैंड आना होगा। यहां से फिर इसी रास्ते का इस्तेमाल कर या फिर पुराने हाईवे से भी भोपाल के लिए जा सकते हैं।

4 दोराहा की ओर से बसे आएंगी तहसील चौराहा : जो बसें कुरावर, शुजालपुर, श्यामपुर, दोराहा तरफ से सीहोर आ रही हैं उन्हें बस स्टैंड तक आने के लिए तहसील चौराहा आना होगा। यहां से नदी चौराहा होते हुए कोलीपुरा से सीधे बायपास फोरलेन जाना होगा। यहां से सैकड़ाखेड़ी जोड़ से सीधे बस स्टैंड पहुंचा जा सकेगा।

5 भोपाल से आने वाले वाहन सैकड़ाखेड़ी जोड़ होकर चलेंगे : भोपाल तरफ से आने वाली बसों को बस स्टैंड सीहोर आकर गंगा आश्रम से न आते हुए सैकड़ाखेड़ी जोड़ पर फिर से वापस जाना होगा। यहां से सीधे इंदौर फोरलेन मिल जाएगा।

पुराने हाईवे पर रहता है ट्रैफिक का दबाव, बदले रूट पर होगी दिक्कत

पुराना भोपाल इंदौर हाईवे होने के कारण इस रोड से रोजाना छोटे-बड़े करीब 5 हजार से अधिक वाहन निकलते हैं। इससे पुराने हाईवे पर वाहनों का अधिक दबाव रहता है। ऐसे में डायवर्टेड मार्ग से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होगी। इस संबंध में ट्रैफिक प्रभारी कमल सिंह ठाकुर का कहना है कि सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तीन जगह पाइंट बनाए गए हैं। इस दौरान पोस्ट ऑफिस चौराहा, नमक चौराहा और ट्रामा सेंटर तिराहा पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

काम रुका तो बढ़ जाएगी परेशानी

इस क्षेत्र में फोरलेन बनाने का काम करीब 30 दिन तक चलेगा। यदि इस बीच किन्हीं कारणों से काम रुकता है तो समय और ज्यादा लग सकता है। इससे जरूर परेशानी बढ़ जाएगी।

रूट निर्धारित कर दिए हैं

गंगा आश्रम क्षेत्र में फोरलेन निर्माण का काम शुरु हो चुका है। लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सभी रूट निर्धारित कर दिए हैं। -राजकुमार खत्री, एसडीएम

खबरें और भी हैं...