नवनियुक्त एडीएम चतुर्वेदी ने भगवानपुरा जय सयंत्र, सीवन नदी और सीटू नाले का किया निरीक्षण
भास्कर संवाददाता | सीहोर
नवनियुक्त एडीएम विनोद कुमार चतुर्वेदी ने शनिवार को शहर की व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान वह भगवानपुरा जय संयत्र, सीवन नदी और सीटू नाले का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समय सीमा में व गुणवत्तापूर्ण किए जाए। सोमवार से नियमित मॉनीटरिंग करुंगा। एडीएम श्री चतुर्वेदी ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण किया। शनिवार को वह भगवानपुरा जल संयत्र की व्यवस्था देखने के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने पास में लगे बोर की जानकारी मांगी। बोर में पर्याप्त पानी है। जबकि इसका मोटरपंप खराब होने के कारण यह बंद पड़ा हुआ है। बोर का मोटरपंप सुधार पानी के लिए चालू करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इसके माध्यम से भी नगर में पानी की सप्लाई की जाए।
सीएमओ से ली निर्माण कार्यों की जानकारी
वह सीवन नदीं के निर्माण कार्यों को देखने के लिए पहुंचे। यहां पर पाथ निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान नपा सीएमओ सुधीर कुमार सिंह से निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। सीटू नाले पर बन रहे पिचिंग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। साथ ही नाले की सफाई बारिश से पूर्व करने के निर्देश दिए। इस पर नाले की सफाई प्रभारी राजेश दुबे ने नाले की सफाई कार्य की जानकारी दी। साथ ही बारिश से पूर्व नाले से मलवा हटाने व सफाई करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि आज शहर की व्यवस्था का जायजा लेने आया हूं। सोमवार से सभी निर्माण कार्य व पानी की सप्लाई व्यवस्था की मॉनीटरिंग की जाएगी।