उत्तर-पश्चिम से आने वाली हवा से दिन में लू का दौर चलेगा, रात में भी गर्मी से अभी राहत नहीं
भास्कर संवाददाता | सीहोर
शनिवार को इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक बने रहने के बाद यह 43.2 डिग्री पर पहुंच गया। इससे दिन के समय अब लू चलने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो अब रातें भी और गर्म होने लगेंगी। इस समय लोग तेज गर्मी के कारण परेशान हो रहे हैं। हालत यह हो गई है कि पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से 43 डिग्री तक बना हुआ था। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री रिकार्ड किया गया जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया।