सेंधवा | सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में और नियमितीकरण की मांग को लेकर जनपद पंचायत में रोजगार सहायकों द्वारा पिछले पांच दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। रोजगार सहायकों की हड़ताल से पंचायत में कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हड़ताल से पंचायत में काम नहीं होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। रोजगार सहायक संघ के जिलाध्यक्ष सुनील ब्राह्मणे ने बताया हड़ताल से पंचायतों में पेंशन निकलवाना, समग्र आईडी बनवाना, मनरेगा योजना के मस्टर का कार्य, प्रधान मंत्री आवास योजना के कार्य, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना के कार्य, असंगठित मजदूरों के पंजीयनों के सत्यापन आदि कार्य नहीं हो रहे हैं। इससे पंचायतों में पहुंचे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पुरे जिले में 416 और सेंधवा जनपद में 107 रोजगार सहायक हड़ताल पर बैठे हैं। जब तक नियमित नहीं किया जाएगा तबतक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।