अग्रवाल समाज का दो दिनी अखिल भारतीय युवक युवती परिचय सम्मेलन शुक्रवार से मंगल भवन में शुरू हुआ। पहले दिन 25 युवतियों और 75 युवकों ने मंच पर परिचय दिया। लड़कियां परिचय देने में झिझकी तो समाज के महिला संगठन की पदाधिकारी उनका हौंसला बढ़ाकर मंच तक ले गई।
अखिल भारतीय युवक युवती परिचय सम्मेलन की शुरूआत सुबह 10 बजे समाज के मुख्य परामर्शदाता पीरचंद मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलन कर और महाराजा अग्रसेन के चित्र का पूजन एवं माल्यार्पण कर की। इस दौरान समाज के पदाधिकार मौजूद रहे। इसके बाद परिचय का सिलसिला शुरू हुआ। लड़कों ने मंच पर जाकर अपना परिचय दिया। लड़कियां परिचय देने से झिझक रही थी। ये देख महिला मंडल की पदाधिकारियों ने उनका हौंसला बढ़ाकर उन्हें मंच पर ले गई। लड़कियों ने अपने बारे में जानकारी देकर दूल्हे को लेकर अपनी पंसद भी बताई।
इस दौरान समाज अध्यक्ष कैलाश एरन, पुरुषोत्तम गोयल, किरण तायल, गिरधारी गोयल, श्यामसुंदर तायल, कैलाश मित्तल, गोविंद तायल, अशोक तायल, रोहित गर्ग, राजेंद्र नरेड़ी, सुशील चौमूवाला, शशी तायल, संतोष चौमूवाला, रेखा गर्ग, निर्मला मंगल, मीना गर्ग आदि मौजूद रही। संचालन सुनील अग्रवाल एवं गोपाल तायल ने किया।
परिचय सम्मेलन में आई युवतियों को परिचय देने मंच पर ले जाती समाज के महिला मंडल की पदाधिकारी।
4 राज्यों के लोग शामिल, कस्बों और छोटे शहरों के अधिक
बेटा व बेटी के लिए योग्य वर-वधू की तलाश के लिए परिचय सम्मेलन में चार राज्य मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान से समाजजन शामिल हुए। इनमें कस्बे और गांव के लोग भी थे। सम्मेलन में बाहर से आए अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों का भी पुष्पहार से स्वागत स्थानीय समाजजनों ने किया।
हर व्यक्ति शहर की ओर जाएगा तो ग्रामीण बच्चों का क्या होगा
सम्मेलन के पहले दिन 9 राज्यों से करीब एक हजार से अधिक समाजजन शामिल हुए। इस दौरान बाहर से समाजजनों ने छोटे कस्बे में संबंध न होने की परेशानियों को खुलकर समाज के सामने रखा। समाजजनों ने कहा हर व्यक्ति बड़े शहर की ओर जाएगा तो ग्रामीण के बच्चों का क्या होगा।
एलईडी पर दिखाई जानकारी
सम्मेलन में मंच सहित अन्य जगहों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। एलईडी स्क्रीन पर परिचय देने वालों सहित परिचय पुस्तिका में शामिल विवाह-योग्य युवक-युवतियों की जानकारी प्रदर्शित की जा रही थी। परिसर में ही पत्रिका मिलान के लिए पंडित और कम्प्यूटर की व्यवस्था भी की गई।
आज सुबह होगा परिचय, शाम को समापन
अग्रवाल समाज के आयोजन के दूसरे दिन सुबह 10 बजे से युवक युवतियों का परिचय होगा। इसके बाद शाम 6:30 समापन होगा। गौरतलब है कि परिचय सम्मेलन में राज्यों से 600 प्रविष्ठियां प्राप्त हुई है।
मंत्रियों ने परिचय पुस्तिका और एप का किया विमोचन
परिचय पुस्तिका का विमोचन करते मंत्री आर्य और कृषि मंत्री अग्रवाल।
रात 8 बजे सम्मान हुए कार्यक्रम में छतीसगढ़ के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और पशुपालन मंत्री अंतरसिंह आर्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों और समाज के पदाधिकारियों ने परिचय पुस्तिका का विमोचन किया। इसके बाद मेघा नाईक और अमन अग्रवाल की बनाई मोबाइल एप अटूट सहयोग लांच की। एप में विवाह योग्य लड़का और लड़की की शिक्षा, परिवार, रोजगार आदि की जानकारी दर्ज की जा सकेगी। वर-वधू की तलाश में ये एप सहायता करेगी।
मित्तल को किया सम्मानित-इसके बाद अतिथियों ने समाज के वरिष्ठ पीरचंद मित्तल का सम्मान किया। पंडाल में मौजूद समाजजन खड़े हो गए। मित्तल ने कहा अग्रवाल समाज के लिए सभ्य लोग होते हैं। करोड़ों कमाते है, शासन को कर भी भरते हैं। मंत्री आर्य ने कहा सम्मेलन में ज्यादा रिश्ते तय हों इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा।
परिचय सम्मेलन को सामूहिक विवाह में बदलना होगा
मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा मुझे खुशी है कि मैं मध्य प्रदेश आया। हम महाराज अग्रसेन जी के वंशज है। छत्रपति शिवाजी के बाद वे प्रतापी राजा रहे। हम पर मां लक्ष्मी की कृपा है। हमें सेवा भाव रखना होगा। किसी भी गरीब की शादी करा दो, इलाज और शिक्षा करा दो ये भगवान की सेवा के समान है। 12वीं के पहले बच्चों को शिक्षा के लिए बाहर मत भेजो इससे उन्हें संस्कार नहीं मिल पाते। सरकार काम कर रही है हमें भी सहयोग करना होगा। युवक युवती सम्मेलन को सामूहिक विवाह में बदलना होगा। समाज के 400 घरों से साल के 5 हजार रु हर साल लो। इस काम के लिए तीन गरीबों को रोजगार दो। जो राशि एकत्रित हो उससे समाज के गरीब जोड़ों का विवाह का कार्य काराओ। समाज के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने कहा सम्मेलन में 5 रिश्ते हुए तो डेढ़ माह में सामूहिक विवाह कराएंगे।