अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। इस दिन प्रदेश सहित जिला मुख्यालय, विकासखंड, तहसील व ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सामूहिक कार्यक्रम होंगे।
लोक शिक्षण मध्य प्रदेश आयुक्त जयश्री कियावत ने इस संबंध में कलेक्टर, डीईओ और डीपीसी को निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार राज्य, जिला, विकासखंड एवं पंचायत में सामूहिक योग का आयोजन होगा। इसमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, के छात्रों के अलावा एनसीसी, एनएसएस, पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि, अफसर, कर्मचारी और लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम 7 से 8 बजे तक होगा। इसमें योग कराकर इसके लाभों के बारे में जागरुकता फैलाई जाएगी। आयुष विभाग भारत सरकार द्वारा सामूहिक योग कार्यक्रम के तहत किए जाने वाले योगासनों का प्रोटोकॉल तैयार कर फिल्म तैयार की है। सामूहिक योग के अलावा सेमिनार, कार्यशाला, संगीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। दिव्यांगों के लिए आवश्यक व्यवस्था कर उन्हें भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। योग स्वैच्छिक है लेकिन सभी शासकीय व निजी संस्थाओं में कार्यक्रम आयोजित करना होंगे। आयोजन में भागीदारी करने वालों की संख्या दोपहर 3 बजे तक कलेक्टरों को आयुक्त लोक शिक्षण को देना होगी। गर्मी को देखते हुए आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बच्चों को पानी, बिस्किट देने तथा धूप में नहीं खड़ा करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। 20 जून के पहले तक योग प्राणायाम का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाना है।
प्रदेश सहित जिला मुख्यालय, विकासखंड, तहसील व पंचायत मुख्यालयों पर होंगे आयोजन
आयोजन स्थल पर उपलब्ध होंेगे योग प्रशिक्षक
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 6:30 बजे तक उपस्थिति, 6.40 बजे अतिथि आगमन, 6:42 बजे मध्य प्रदेश गान, 6.45 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण और 7 बजे योग अभ्यासक्रम के बाद समापन होगा। जिले में होने वाले सभी कार्यक्रम की व्यवस्था के पर्यवेक्षण, निगरानी कलेक्टर द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। जिले की कार्ययोजना तैयार कर संबंधित स्थानों व संस्थाओं में यह आयोजन आवश्यक रूप से नियत समय व स्थान पर व्यवस्थित रूप से संपन्न हो। प्रत्येक आयोजन स्थल पर योग प्रशिक्षक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं जिन्हें देखकर सहभागी योग कर सकें।