जोगवाड़ा रोड पर युवक ने घर में लगाई फांसी
भास्कर संवाददाता | सेंधवा
जोगवाड़ा रोड निवासी युवक ने गुरुवार रात करीब 12 बजे अपने घर में फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। आत्महत्या के कारण का पता नहीं चला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निखिल बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दे रहा था। गुरुवार रात एक मित्र का जन्मदिन मनाकर घर पहुंचा। माता पिता से बातचीत के बाद उनके पैर छूकर दो कमरों के मकान के पिछले कमरे में सोने चला गया। रात को उस कमरे से कुछ गिरने की आवाज आने पर मां मीना और पिता प्रकाश ने दरवाजा खटखटाया और आवाज दी लेकिन जवाब नहीं मिलने पर दोनों ने दरवाजा तोड़ा। कमरे में निखिल फांसी के फंदे पर लटक रहा था। माता पिता ने उठाकर पकड़ा और पास ही रहने वाले निखिल के मामा को बुलाया। उसके पहुंचने के बाद युवक को फंदे से उतारा और एक पड़ोसी की मदद से बाइक पर बैठाकर सिविल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने पंचनामा बनाया।
मृतक के मित्र ने बताया निखिल ने फांसी पर झूलने से पहले एक मित्र को मोबाइल पर मैसेज भेजकर था कि इसमें किसी का कोई दोष नहीं है, मैं अपनी मर्जी से यह सब कर रहा हूं। हालांकि मैसेज के संबंध में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। निखिल के दोस्तों का कहना है, कि वो हसमुख स्वभाव का एक्टिव लड़का था। हर वक्त हंसता व दूसरों को हंसता रहता था। साथ ही पढ़ाई, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आगे रहता था एवं कुछ दिनों से लोकसेवा कार्यालय में कम्प्यूटर आपरेटर की जॉब भी कर रहा था।