प्रेरक बोले- दिलाएं नया काम, पीएम, सीएम के नाम ज्ञापन दिया
सरकार की योजनाओं को प्रचारित करने के लिए लगाए गए प्रेरकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। इसको लेकर प्रेरकों ने काम दिलाने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में देकर प्रेरकों को अन्य विभाग में संविलयन कर कार्य दिलाने की मांग की है।
प्रेरक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष गंगाराम जाधव ने बताया साक्षर भारत योजना के तहत पंचायत स्तर वर्ष 2013 से संविदा प्रेरक लगातार काम कर रहे हैं। प्रेरक विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन का कार्य करते आ रहे हैं। सरकार प्रेरकों की अनदेखी कर रही है। प्रेरकों को नियमित नहीं किया। वहीं सम्मानजनक मानदेय भी नहीं दिया जा रहा है। 31 मार्च को प्रेरकों की सेवा समाप्ति का आदेश जारी कर सभी को बेरोजगार कर दिया है। ऐसे में प्रेरक बेरोजगार होकर आर्थिक तंगी उठा रहे हैं। प्रेरकों ने अन्य विभाग में संविलयन कर कार्य देने की मांग की है।