भक्तों ने सुबह 5 बजे तक किया खाटू श्याम बाबा का गुणगान
मंडी परिसर में सोमवार रात खाटू श्याम बाबा का महाकीर्तन हुआ। इस दौरान आकर्षक दरबार सजाया गया। ईत्र की खुशबू से महकते परिसर में भजन गायकों ने खाटू श्याम का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर किया। मंगलवार सुबह 5 बजे कीर्तन का समापन हुआ।
महाकीर्तन की शुरुआत रात 9:30 बजे हुई। जयपुर की भजन गायिका सुरभि चतुर्वेदी ने भजन सुनाए। इसके बाद संजय सेन, बंटी सोनी, निशा एवं गोविंद शर्मा ने खाटू श्याम बाबा के भजन सुनाए। इन पर श्रद्धालु झूम उठे। अलसुबह तक भजनों के माध्यम से खाटू नरेश का गुणगान किया गया। इसके बाद महाआरती और 56 भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। आयोजनकर्ता श्री निस्वार्थ श्याम सेवा परिवार और स्थानीय खाटू श्याम सेवा समिति ने मक्सी के बंटी सोनी का सम्मान किया। सोनी ने एक साल तक अलग-अलग जगहों पर 12 कीर्तन कराने में विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इनके अलावा गायकों काे भी सम्मानित किया गया। 60 से अधिक भक्तों ने व्यवस्था संभाली। महाकीर्तन में शहर सहित ओझर, धनोरा, चाचरिया, पानसेमल, खेतिया, बड़वानी, खरगोन, भीकनगांव, देवास, मक्सी और महाराष्ट्र के धुलिया, चाेपड़ा पाचोरा से श्याम भक्त आए। बाहर से आए भक्तों के लिए भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क की गई। इसके अलावा स्थानीय समिति ने चाय और पोहा वितरित किया।
महाकीर्तन में प्रस्तुति देती भजन गायक सुरभि चतुर्वेदी।
...और इधर, शनि जयंती पर अभिषेक, पूजन के बाद हुआ भंडारा
सेंधवा | मंगलवार को शनि जयंती मनाई गई। शहर स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा। किले के पीछे स्थित मंदिर में भगवान का अभिषेक और पूजन कर भंडारा आयोजित किया गया। शनि जयंती पर किले के पीछ और मोतीबाग चौक के पास और निवाली रोड स्थित शनि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। तेल, काला तिल और उड़द आदि अर्पित किया। नंदू राठौड़ ने बताया किले के पीछे स्थित शनि मंदिर में सुबह 8 बजे अभिषेक व शृंगार किया गया। सुबह 9 बजे हवन हुआ। दोपहर 12 बजे खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर में पूर्णाहुति के बाद भंडारा हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। राठौड़ ने बताया कि 15 साल पहले मंदिर में प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके बाद से शनि जयंती पर अनुष्ठान किए जाते हैं।
खाटू श्यामजी के किए दर्शन
मंडी परिसर में आकर्षक दरबार सजाकर फूलों से सजावट की गई। इसमें खाटू श्याम की प्रतिमा विराजित की गई। महाकीर्तन के दौरान यज्ञ हुआ। लोगों ने दरबार में खाटू नरेश और ज्योत के दर्शन किए। पंडाल में 150 लीटर ईत्र का छिड़काव किया गया। तीन क्विंटल फूल बरसाए गए।
ओझर | नगर के सुभाष चौक स्थित राधाकिशन मंदिर में शनि मंदिर पर शनिदेव का अभिषेक और पूजा की गई। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन पदमवंशी मारवाड़ी राठौड़ समाज ने किया था। राम मंदिर में हर्षद सोनी ने शनि जयंती पर शनिदेव की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया।