मकान का पट्टा और राशन दिलाने की मांग
जनसुनवाई में आवेदन देने आई महिलाएं।
भास्कर संवाददाता | सेंधवा
जनसुनवाई में मंगलवार को 14 लोगों ने आवेदन दिए। बीपीएल कार्ड बनाने, मकान का पट्टा दिलाने, निजी जमीन से अतिक्रमण हटाने की समस्या बताकर निराकरण की मांग की।
पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले तबरेज अताउल्ला ने एसडीएम के नाम दिए आवेदन में बताया उन्हें मकान का पट्टा आज तक नहीं मिला। शीघ्र ही सर्वे कराकर पट्टा दिलाया जाए। इससे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सकेगा। इसी तरह शिवाजी नगर तलावड़ी निवासी अनिल सोनी ने बताया उन्हें राशन नहीं मिल रहा। वे 9 माह से चक्कर लगा रहे हैं। आईडी नंबर की गलती को कारण बताया जा रहा है लेकिन पर्ची नहीं बन रही। नगर पालिका के कर्मचारी कहते हैं ऊपर से संशोधन नहीं हो रहा। जल्द ही पात्रता पर्ची दिलाई जाए। सुदामा कॉलोनी निवासी गंगाबाई रतन ने बताया 5 किलो ही राशन मिल रहा है। पहले 35 किलो मिलता था।
दिलाएं आवास योजना का लाभ
ध्रुवकुमार पिता अशोक महार एवं प्रेमबाबू अशोक महार ने बताया पिता अशोक और नाना रूपचंद पांडू का निधन हो गया है। नाना के नाम पर मड़गांव में जमीन व प्लॉट है। दोनों संपत्तियों को दोनों भाइयों के हित में साक्षियों के समक्ष वसीयतनामा लिखा था। इसके बाद हम दोनों भाइयों के नाम जमीन दर्ज है। नाना के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर स्वीकृत हुआ है लेकिन उनका निधन होने से लाभ नहीं मिल रहा। कुटीर प्रेमबाबू के नाम से स्वीकृत की जाए। इस पर ध्रुव को भी आपत्ति नहीं है।
नहीं थी कुर्सियां और पानी की व्यवस्था - पिछली बार हुई जनसुनवाई के दौरान लोगों के बैठने के लिए एसडीएम कार्यालय सभागृह के बाहर कुर्सियां लगाई गई थी। इसके साथ ही ठंडे पानी के जार भी रखे गए थे लेकिन इस बार ये व्यवस्था नदारद थी।