पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सत्यनारायण की कथा कर नगर में शोभायात्रा निकाली

सत्यनारायण की कथा कर नगर में शोभायात्रा निकाली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सेन समाज ने संत शिरोमणी सेनजी महाराज की जयंती शुक्रवार को मनाई। संतश्री का पूजन कर सत्यनारायण की कथा की। इसके बाद निकाली गई शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया।

सेन समाज ने सेनजी महाराज की 718वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए। शुक्रवार शाम को भजन-कीर्तन किए गए। शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र मंदिर में सत्यनारायण भगवान की कथा हुई। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम में पशुपालन व जेल मंत्री अंतरसिंह आर्य, समाजसेवी विष्णु प्रसाद यादव, नपाध्यक्ष बसंतीबाई यादव, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष राम सोनोने का स्वागत समाजजनों ने किया। सेनजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजन किया गया। इसके बाद समाजजनों ने शहर में शोभायात्रा निकाली। यात्रा मोतीबाग चौक, सदर बाजार, भवानी चौक, पुराना एबी रोड, गुरुद्वारा रोड, संत विनोबा मार्ग, मोतीबाग चौक होते हुए पुनः महाराष्ट्र मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान यात्रा में सदर बाजार, पुराने एबी रोड और संत विनोबा मार्ग पर लोगों को आईस्क्रीम और शरबत का वितरण किया गया। इसके बाद महाराष्ट्र मंदिर में समाजजनों के लिए भोज आयोजित किया गया था।

सेन समाज ने मनाई संत सेनजी महाराज की जयंती, शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने किया स्वागत
सेन समाज की शोभायात्रा में शामिल महिलाएं।

शोभायात्रा के पास से निकली गाय
मवेशियों से हो रहे हादसे से भी नगर पालिका ने सबक नहीं लिया है। शहर को मवेशीमुक्त करने के लिए कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। शुक्रवार को सेन समाज की शोभायात्रा के पास से गाय निकली। सेन समाज की शोभायात्रा जब संत विनोबा मार्ग से गुजर रही थी तब एक गाय भी शोभायात्रा में शामिल लोगों के पास से निकली। इससे महिलाएं डर गई थी। हालांकि लोगों ने गाय को वहां से भगाकर दूसरे रास्ते पर भेजा। दशोरा नागर समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में मवेशी घुसने से 6 महिलाएं और एक बालिका घायल हो गई थी। इसके बाद समाजजनों ने वैश्य महासम्मेलन के साथ मिलकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। इसमें घायलों को सहायता राशि दिलाने, इलाज का खर्च वहन करने के साथ ही मवेशी मालिकों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने भी अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर में एलान भी कराया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ। गौरतलब है कि पूर्व में भी कई लोग मवेशियों की टक्कर से घायल हो चुके हैं। इनकी वजह से आवागमन भी बाधित होता है।

खबरें और भी हैं...