कई एटीएम बंद, कैश के लिए एक से दूसरे एटीएम घूमे लोग
शहर में स्थित सभी बैंकों के एटीएमों से रविवार को रुपए नहीं निकले। वहीं कई बैंकों के एटीएमों पर ताले लगे थे। कहीं खुले थे तो उनमें भी कैश नहीं था। भीषण गर्मी में लाेग कैश के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक घूमते रहे।
रविवार को हाट बाजार होने और छुट्टी का दिन होने से कई लोग खरीदी करने निकले थे लेकिन बैंक के एटीएम में कैश नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसी तरह शिक्षक भी वेतन मिलने पर राशि निकालने पहुंचे थे लेकिन निराश होकर लौटे। कई लोग सभी बैंक के चक्कर काटते रहे लेकिन रुपए फिर भी नहीं मिले। लोगों के अनुसार शनिवार को भी यही स्थित थी।
मजदूरी बांटने के लिए रुपए निकालने आए ठेकेदार को परेशान होना पड़ा। एटीएम से रुपए नहीं निकलने से मजदूरों को राशि नहीं दे पाए। टावर बनाने वाले बिहार के ठेकेदार सुनील यादव ने बताया सदर बाजार स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में पहले 5 हजार रुपए निकाले। खाते से राशि कटने का मैसेज भी मोबाइल पर आ गया लेकिन मशीन से नोट नहीं निकले। दूसरी बार प्रयास कर 6 हजार रुपए निकालने की कोशिश की तो फिर यही हुआ। मौके पर कोई गार्ड नहीं होने से मामले की शिकायत भी नहीं कर पाए। उन्होंने बताया थिगली में टावर निर्माण का कार्य जारी है। उसमें काम करने वाले मजदूरों को 20 हजार रुपए मजदूरी बांटना थी। रुपए नहीं निकलने से मजदूरी नहीं दे पाए।
बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर रविवार दोपहर को ताला लगा हुआ था।
अब तक नहीं मिले रुपए
शहर के ग्रामीण थाने के पास वैलोसिटी कॉलोनी में रहने वाले रोशन मेहता को 20 हजार रुपए अन्य खाते में ट्रांसफर करना थे लेकिन किसी भी एटीएम से रुपए नहीं निकले। उन्होंने बताया वे चार से पांच एटीएम गए लेकिन रुपये नहीं निकले। इसके पहले भी 29 सितंबर 2017 को नए बस स्टैंड स्थित एसबीआई एटीएम से 20 हजार रुपए निकालने पर निकासी का मैसेज तो आया था लेकिन नोट नहीं निकले थे। खाते से पैसे भी कट गए थे। इसकी शिकायत शहर थाने में की थी। सीसीटीवी फूटेज भी मांगा था। इस पर बैंक ने फूटेज नहीं दिया। वहीं कटे हुए रुपए भी अब तक वापस नहीं मिले हैं। इसको लेकर उपभोक्ता फॉर्म में केस दर्ज कराया है। इसी प्रकार कई लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
एटीएम से रुपये नहीं निकले, बैलेंस कम हो गया।
रविवार को यह रही शहर में एटीएम की स्थिति
रविवार को बैंक आॅफ इंडिया की बैंक शाखा और एटीएम दोनों जगह ताला लगा था। एक्सिस बैंक में राशि नहीं थी। वहीं कोई गार्ड भी तैनात नहीं था। बैंक ऑफ इंडिया निवाली रोड में कैश नहीं था। पुराने एबी रोड स्थित केनरा बैंक की शाखा और एटीएम बंद मिला। बुलढाणा अर्बन बैंक का एटीएम बंद था। आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम चालू था लेकिन उसमें कैश नहीं था। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में भी कैश नहीं था।