आगनबाड़ी की बुजुर्ग महिला को नहीं मिली कटौती की राशि
शाहाबाद| क्षेत्र के सनवाड़ा निवासी बुजुर्ग महिला को खाते से काटी गई राशि नहीं मिल रही है। प्रशासन की लापरवाही के चलते सनवाड़ा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद से सेवानिवृत्त होने से पूर्व प्रेमलता के खाते से प्रतिमाह तीन सौ रुपए की कटौती की जा रही थी।
जिसे विभाग की आेर से सेवानिवृत्ति के बाद भुगतान करना था, लेकिन उसका अभी तक भुगतान नहीं किया है। बुजुर्ग महिला कटौती की राशि की आस लगाए बैठी है। प्रेमलता ने बताया कि वह बीमार रहने लगी है। सनवाड़ा में लगे राजस्व शिविर में एडीएम हनुमंत गुर्जर को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अभी तक कोई आश्वासन नहीं मिला है।
प्रेमलता अग्रवाल ने सनवाड़ा आंगनबाड़ी केंद्र पर साल 2016 तक कार्य किया था। उसके वेतन से 2002 से 2016 तक विभाग की ओर से तीन सौ रुपए प्रतिमाह काटे जाते थे। प्रेमलता को सेवानिवृत्त हुए दो साल हाे गए हैं, विभाग ने अभी तक कटौती की राशि का भुगतान नहीं किया है।
इस मामले में महिला एवं बाल विकास के एलडीसी देवेंद्रकुमार यादव ने बताया कि महिला की कटौती के बारे में जानकारी की जाएगी तथा उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा। वहीं एडीएम हनुमंत सिंह गुर्जर ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारी से जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
शाहाबाद. वेतन से काटी गई राशि के लिए भटकती सेवानिवृत्त वृद्धा।