पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • जिलेभर में नरेगा कर्मचारी संघ के समर्थन में हड़ताल पर उतरे मंत्रालयिक कर्मचारी

जिलेभर में नरेगा कर्मचारी संघ के समर्थन में हड़ताल पर उतरे मंत्रालयिक कर्मचारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सहरिया बाहुल्य क्षेत्र शाहाबाद में महात्‍मा गांधी नरेगा संघ के समर्थन में पंचायतीराज के कनिष्ठ लिपिक शुक्रवार को सामूहिक हड़ताल पर चले गए।

इस दौरान पंचायतीराज मंत्री राजेंद्र राठौर के बयान पर रोजगार सहायक ओमप्रकाश भील ग्राम पंचायत डबोई पंचायत समिति धोरीबन्‍ना जिला बाड़मेर की मृत्यु होने पर नरेगा कर्मचारियों व कनिष्ठ लिपिकों ने श्रद्धांजलि दी। साथ ही सरकार से उसके भरण पोषण के लिए सहायता की मांग की। मनरेगा संघ के प्रदेशाध्यक्ष अशोक वैष्णव ने बताया कि उनकी मांगों को लेकर मुख्‍यमंत्री से तीन बार वार्ता हुई है, लेकिन अभी तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।

जबकि उच्च‍ न्यायालय की आर से उनके पक्ष में फैसला दिया गया है। इसके बावजूद सरकार कोई उचित जवाब नहीं दे रही है। इस मामले में पंचायतीराज मंत्री से चार बार वार्ता हुई, लेकिन उन्होंने भी संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। राजेंद्र मेहता ने बताया कि उनके साथी की मृत्‍यु होने पर दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। 21 मई से समस्त कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे। जिससे पंचायतीराज का कार्य ठप हो जाएगा।

बारां. महात्मा गांधी नरेगा संविदा कार्मिकों के आंदोलन के समर्थन में तथा पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों के कैडर रिव्यू की मांग सहित नैसर्गिक न्याय प्राप्त नहीं होने से क्षुब्ध मंत्रालयिक कर्मचारियों ने प्रदेशाध्यक्ष पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन जयपुर के आह्वान पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा के नेतृत्व में ज्ञापन दिया। मांग-पत्र में शामिल मांगों को पूरा नहीं करने से परेशान कर्मचारियों ने शुक्रवार को समस्त पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों की ओर से मनरेगा कार्यों का बहिष्कार करने का निर्णय किया।

मांगे शीघ्र नहीं मानी गई, तो 24 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने एवं इसके बाद भी कोई सकारात्मक कदम सरकार की ओर से नहीं उठाने पर 11 जून को जयपुर कूच करने की चेतावनी दी है। इस दौरान कोषाध्यक्ष निर्मल नागर, योगेंद्र सिंह नरुका, भीमसेन मीणा, श्यामसुंदर वर्मा, लोकेश राठौर, सुनील जोशी आदि उपस्थित रहे।

किशनगंज. ब्लॉक के महात्मा गांधी नरेगा के संविदाकर्मियों ने शुक्रवार को 18वें दिन भी विभिन्न मांगों को लेकर पंचायत समिति के अटल सेवा केंद्र के सामने धरना दिया। संघ के अध्यक्ष गजानंद सुमन ने बताया कि कई बार मांगों को लेकर ज्ञापन देने के बाद भी सरकार की ओर से अब तक लिखित में आश्वासन नहीं मिला है। ऐसे में संविदा कार्मिक सामूहिक अवकाश पर रहकर धरना दे रहे हैं। अगर सरकार की ओर से आगे भी मांगें नहीं मानी गई, तो धरना जारी रहेगा। ब्लॉक में मनरेगा के कार्मिकों के कार्य बहिष्कार कर धरना देने से मनरेगा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं बुधवार को धरने में गुलाबचंद नागर, चतरू भील, महेन्द्र कुशवाह, दीपक कुशवाह, संजय मेघवाल, नरेंद्र चौरसिया, शकील अहमद, बद्रीलाल प्रजापति आदि मौजूद रहे। वहीं शुक्रवार को मंत्रालयिक कर्मचारी संघ की ओर से भी मनरेगा संविदा कर्मियों की मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय पर अध्यक्ष मनोज यादव व ओमप्रकाश भारती की अगुवाई में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।

अंता|समय पर भुगतान नहीं मिलने से नाराज ग्रामपंचायत पचेलकलां के मनरेगा श्रमिकों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उनको कार्य का उचित भुगतान नहीं दिया जाता।

ग्राम पंचायत के ग्रामसेवक व सचिव मनमानी करते हैं तथा मिलीभगत कर रहे हैं। श्रमिकों का कहना है कि सरकार की आेर से नरेगा श्रमिकों को 192 रुपए दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन ग्राम सेवक तथा सचिव मात्र 50 रुपए प्रतिदिन दे रहे हैं। शिकायत करने पर अभद्रता करते हैं। साथ ही मस्टररोल को गायब कर दिया जाता है। नरेगा के श्रमिकों का कहना है कि उन्हें तीन-तीन महीनों तक भुगतान नहीं मिलता है। ऐसे में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। जब कि वे सुबह सात से दोपहर दो बजे तक भीषण गर्मी में काम करते हैं। इस दौरान पचेलकलां से करीब दो ट्रॉलियां भर कर नरेगा श्रमिक एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उप एसडीएम मनोज कुमार मीणा ने श्रमिकों की समस्याएं सुनी तथा जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मामले में एसडीएम मीणा ने बताया कि ग्रामीणों ने जो समस्या बताई है उसको जल्दी वह खुद जाकर देखेंगे तथा कहां पर कमी है इसकी भी जांच की जाएगी।

शाहाबाद. हड़ताल करते पंचायतीराज के कनिष्ठ लिपिक।

किशनगंज. एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते मंत्रालयिक कर्मचारी।

अंता. एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन पचेलकलां के मनरेगा श्रमिक।

खबरें और भी हैं...