शाहाबाद| सहरिया बाहुल्य क्षेत्र के संदोकड़ा में अल्पबारिश के चलते ग्रामीणों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अल्प बारिश के चलते फसल होना तो दूर, पीने के पानी के लिए भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस गांव की आबादी लगभग 1850 है। जलस्तर गिरने से हैंडपंप भी हवा फेंक रहे हैं। कुओं का भी पानी सूख गया है। गांव में एक कुआं बीचोंबीच है तथा दूसरा कुआं गांव के बाहर आगर रोड पर है। प्रशासन की आेर से दोनों कुओं में तीन टैंकर पानी डलवाया जाता है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण दोनों कुओं पर पानी भरने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी रहती है। कई बार पानी भरने के दौरान लोगों में कहासुनी भी हो जाती है। भागवतीबाई, दयाबाई, रामवती, रामकलीबाई ने बताया कि अगर इन कुआें में पानी नहीं मिलता तो खेतों के कुएं से पानी लाना पड़ता है। जो लगभग एक किमी दूर है। इस समस्या को लेकर सरपंच ने राजस्व शिविर में शिकायत की और उपखंड स्तर पर भी अवगत कराया, लेकिन प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं दिया गया। कल्याण मेहता, भरत मेहता, देवेंद्र मेहता, राजाराम बैरागी, राधेश्याम मेहता ने बताया कि टैंकरों से सप्लाई किया जा रहा पानी कम पड़ रहा है।
इसके चलते ग्रामीणों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से टैंकरों की सप्लाई बढ़ाने की मांग की है। सरपंच नीलेशकुमारी शर्मा ने बताया कि पेयजल की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र देकर तथा मौखिक रूप से प्रशासन को अवगत करवा दिया गया है। गांव में पानी की समस्या है, टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाए।
शाहाबाद. कुएं पर पानी भरने के लिए लगी ग्रामीणों की भीड़।
पानी की समस्या को लेकर धरने पर बैठी सहरिया महिलाएं
केलवाड़ा| क्षेत्र के जगदीशपुरा मार्ग स्थित वसुंधरा कॉलोनी की सहरिया महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर रविवार सुबह करीब 11 बजे धरना देते हुए कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद ग्राम विकास अधिकारी के आश्वासन पर वे धरने से उठी। चमेली, सुखिया, चैतीबाई, ललिता, सोना, रशीदा, गुड्डी रजक, नैनकी, लाडबाई, चिरौंजी ने बताया कि वसुंधरा कॉलोनी में गत दो माह से ट्यूबवेल बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि मवेशियों की बात तो दूर इंसानों के लिए भी पानी मुश्किल से नसीब हो रहा है। महिलाओं को करीब एक किमी दूर खेत पर लगे निजी ट्यूबवेल से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं की ओर से दिए गए धरने की सूचना मिलते ही मौके पर नायब तहसीलदार रामचरण मीणा, थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह जादौन एवं भाजपा नेता राजेंद्र खत्री पहुंच गए। जिन्होंने समस्या सुनकर ग्राम विकास अधिकारी ओमप्रकाश सहरिया को मौके पर बुलाया। (शेष|12 पर)
केलवाड़ा. धरने पर बैठी सहरिया महिलाओं को समझाते अधिकारी।