46 लाख रुपए से बनेगी कॉलेज की बाउंड्रीवाल
सरकारी काॅलेज की बाउंड्रीवाल जल्दी बनेगी। बाउंड्रीवाल बनाने उच्च शिक्षा विभाग ने 46 लाख रुपए की मंजूरी दे दी है। कॉलेज भवन की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने से स्टूडेंट्स को परेशानी होती थी। लंबे समय से कालेज कैंपस में खेल मैदान और बाउंड्रीवाल की मांग की जा रही थी। भास्कर ने 11 अप्रैल को कालेज में बाउंड्रीवाल नहीं होने संबंधी समाचार प्रकाशित किया था। विधायक मंगलसिंह ने बाउंड्रीवाल के निर्माण के लिए उच्च शिक्षा विभाग से चर्चा की। जिसके बाद कॉलेज की बाउंड्रीवाल को मंजूरी मिल सकी। काॅलेज प्राचार्य महेंद्र गिरी ने बताया कि विभागीय स्तर पर फाइल चल रही थी। विधायक मंगल सिंह ने विशेष रूचि लेकर बाउंड्रीवाल को मंजूरी दिलाई है। इस निर्माण से काॅलेज भवन और कैंपस सुरक्षित हो सकेगा। बाहरी लोगों के आवागमन पर रोक लगेगी। विधायक मंगल सिंह धुर्वे ने कहा कि कालेज में बेहतर सुविधा के लिए प्रस्ताव उच्च शिक्षा मंत्री को दिए थे। 46 लाख से बाउंड्रीवाल का निर्माण की मंजूरी मिली है। कॉलेज में छात्र-छात्राओं के सुविधा के लिए दूसरे कार्य भी मंजूर करवाए जाएंगे।