पत्र लिखकर की भू-स्वामियों को रजिस्ट्री शुल्क देने की मांग
घोड़ाडोंगरी | मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड सारणी ने धसेड़ गांव में अर्जित भूमि के भूमि स्वामियों को करार के बाद अभी तक रजिस्ट्री शुल्क नहीं देने का मामला सामने आया है। जनपद उपाध्यक्ष एमएल परते ने कलेक्टर को पत्र लिखकर रजिस्ट्री शुल्क दिलाने की मांग की है। जनपद उपाध्यक्ष एमएल परते ने बताया कि ग्राम धसेड़ में सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारणी ने बांध निर्माण के लिए वर्ष 2009 में 130 हेक्टेयर निजी भूमि का अर्जन किया गया था। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने अर्जित की गई भूमि के भू-स्वामी से करार किया गया था, कि पुनर्वास और पुन: स्थापना नीति के तहत भूमि स्वामियों को नए स्थान पर भूमि क्रय करने पर रजिस्ट्री शुल्क मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी अनुदान के रूप में वापस करेगी। भूमि स्वामियों ने भू-अर्जन अधिकारी शाहपुर को अर्जन की गई रजिस्ट्रियों की प्रति प्रेषित की है लेकिन भू -अर्जन अधिकारी ने अर्जित भूस्वामी हितग्राहियों को अनुदान की राशि नहीं दी। उन्होंने बताया कि अब तक आधा दर्जन पत्र अर्जन अधिकारी शाहपुर को लिखे जा चुके हैं। उन्होंने हितग्राहियों को अर्जन भूमि का रजिस्ट्री शुल्क शीघ्र प्रदान करने की मांग की है।