पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Hoshangabad
  • शाहपुर में 132 केवी सबस्टेशन की मांग करने आज अधिकारियों से मिलेंगे ग्रामीण

शाहपुर में 132 केवी सबस्टेशन की मांग करने आज अधिकारियों से मिलेंगे ग्रामीण

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शाहपुर, भौंरा, रामपुर को ब्लॉक मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर जोगली गांव स्थित 132 केवी ट्रांसमिशन सब स्टेशन से बिजली मिल रही है। लंबी दूरी के कारण बारिश में सुचारू बिजली मिलने में समस्या होती थी। बिजली नहीं मिलने से रबी सीजन में पानी अनियमित होने से उत्पादन भी प्रभावित होता है। लंबी दूरी के बीच वन क्षेत्र में हवा पानी से बिजली लाइन में आने वाले फाल्ट ढूंढना मुश्किल हो जाता है।

सप्लाई चालू करने में देर लग जाती है। कई बार बारिश में रात भर बिजली नहीं आने से शाहपुर बिजली वितरण केंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है। शाहपुर में 132 केवी ट्रांसमिशन सब स्टेशन की मांग लगातार हो रही है लेकिन मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी इस मामले में कोई पहल नहीं कर पाई है। किसान एकता संघ के अध्यक्ष यशवंत चौरे और सदस्य रविंद्र यादव आज बिजली विभाग के कर्मचारियों से मिलकर शाहपुर में सबस्टेशन की स्थापना की मांग करेंगे।

40 पंचायतें 25 हजार उपभोक्ता

शाहपुर बिजली वितरण केंद्र से 25 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं। बिजली आपूर्ति के लिए इसके कारण चिचोली के जोगली 132 केवी ट्रांसमिशन सब स्टेशन से भी बिजली ली जा रही है। भौंरा से निकले फीडर 60 किलोमीटर लंबाई में हैं। 40 पंचायतों को बिजली देने के लिए एक मात्र सब स्टेशन है। ऐसे में बिजली उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।

क्या कहते हैं किसान और आम उपभोक्ता

शाहपुर के राकेश परसाई ने बताया बिजली पर आधारित लघुउद्योग बढ़ रहे हैं। बिजली की खपत बढ़ी है। गर्मी में वोल्टेज की समस्या होती है, तो बारिश में लाइनों में फाल्ट से परेशान होना पड़ता है। बिजली प्रदाय व्यवस्था को व्यवस्थित करने शाहपुर के आसपास सब स्टेशन बनने से उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। किसान जय सिंह, उमाकांत वर्मा, यशवंत चौरे, रविंद्र यादव, रजनीश महतो का कहना है कि रबी सीजन में किसानों को बिजली नहीं मिलने से नुकसान उठाना पड़ रहा है।

विधायक मंगल सिंह ने इस समस्या को लेकर पत्र लिखा है। स्थायी व्यवस्था करने प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में पीटीसीएल से पत्र व्यवहार किया गया है। वीके सोनी, डीई बैतूल

खबरें और भी हैं...