पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से सदन तक भाजपा धराशायी हुई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की हार का श्रेय सुप्रीम कोर्ट और कांग्रेस-जेडीएस के निष्ठावान विधायकों को जाता है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार ढाई दिन में गिरने से भाजपा का विजय रथ भी पूरी तरह से रुक गया है।
अनिल धंतौड़ी ने शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार बनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में मोदी-शाह की जोड़ी का प्लान फेल होने से देश में लोकतंत्र की मर्यादा गिरने से बची है। उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। धंतौड़ी ने कहा कि कर्नाटक के विधायकों को भाजपा ने अगवा कर होटलों में रखा था जिनको पुलिस की मदद से छुड़ाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता संविधान की गरिमा को भूल चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा सदन की कार्यवाही के दौरान राष्ट्रगान से पहले ही सदन छोड़कर चले गए, यह भाजपा नेताओं की संविधान के प्रति निष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी भाजपा से लोग दुखी हैं और सत्ता परिवर्तन का मन बना चुके हैं। मौके पर हरदीप राणा, गुलशन कवातरा, अशोक वत्स, हरसिमरन सिद्धू, संजीव वर्मा, हर्षवर्धन कोहली, बिल्ला वड़ैच, लखविंद्र सिंह लखा, दीपा गोरीपुर, संदीप संभालखी, जसबीर नलवी, साहिब सिंह भिंडर, केएल खुराना, बिट्टू हबाना, निर्मल विर्क, जस्सू अढ़ोन, भरत सिंह, रणधीर और राजबीर तूर मौजूद रहे।