सूखा राहत राशि वितरण में अहम भूमिका निभा रहे हल्का पटवारी अशोक अहिरवार के साथ राहत राशि में अनियमितता को उजागर कर रहे कुछ किसानों ने मारपीट कर दी। पटवारी की रिपोर्ट पर शाहगढ़ पुलिस थाने में गुगराखुर्द निवासी रेवाराम, हरप्रसाद लोधी दोनों किसानों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा पटवारी के साथ मारपीट करने और जातिगत गाली गलौच करने पर विभिन्न धाराओं के तहत एक पक्षीय मामला पंजीबद्ध हुआ।
जानकारी अनुसार शासन के निर्देश पर राजस्व विभाग की ओर से सूखाग्रस्त क्षेत्र में वितरित हो रही राहत राशि वितरण में कई विसंगतियां एवं हल्का पटवारियों पर लापरवाही आरोप लगते आ रहे हैं। पटवारियों द्वारा बैंक खातों को गलत करना अपात्र भूस्वामी को पात्र बनाने ऐसे भूस्वामियों की तत्काल योजनाओं का लाभ दिलाने के चक्कर में पटवारियों की ऐसी कारगुजारियों से कई पात्र सैकड़ों किसान परेशान हो रहे हैं।
मारपीट के विरोध में पटवारी हुए लामबंद: शाहगढ़ तहसील के 47 हलका में से सात हलकों में सूखा राहत वितरण का कार्य कर रहे पटवारी अशोक अहिरवार से मारपीट के विरोध में तहसील के पटवारियों ने अपनी सुरक्षा की मांग एवं किसान पर कार्रवाई की मांग करते हुए तहसीलदार शाहगढ़ को ज्ञापन सौंपा।
पानी के विवाद में दलित महिला को पीटने वाले तीन बदमाशों पर हरिजन एक्ट का केस दर्ज
रहली | देवरी चौधरी गांव में पानी को लेकर हुए विवाद में दलित महिला को पीटने वाले तीनों दबंगों पर मारपीट और हरिजन एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। टीआई रामअवतार चौरहा के अनुसार देवरी चौधरी गांव में वंदना अहिरवार घर के सामने लगे सरकारी नल पर पानी भरने के लिए गई। वहां पर बर्तन रख दिए। नल पर देवेन्द्र कुर्मी पानी भर रहा था। देवेन्द्र के मकान का काम चल रहा था जिससे वह बार बार पानी भर रहा था। वंदना के बर्तन रखे थे। जब देर हो गई तो वंदना ने देवेन्द्र कहा हमें भी पानी भरना है। इतना कहते ही देवेन्द्र,भालू और विशाल ने वंदना के साथ जातिगत अपमान कर मारपीट कर दी।
प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की थी आत्महत्या, पति और सास पर केस
रहली | कुड़ई गांव में 15 अप्रैल को 21 वर्षीय नवविवाहिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। तब पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया था। एसडीओपी बीपी समाधिया के निर्देशन में मर्ग जांच की गई। जांच में पाया गया है कि रेवती कुर्मी 21 साल का विवाह 3 साल पहले चंद्रभान कुर्मी के साथ हुआ था। शादी के कुछ माह बाद ही पति चंद्रभान सास तुलसाबाई सोफा, फ्रिज और पैसे की मांग कर रहे थे। 8 अप्रैल को इसी बात पर से पति और सास ने रेवती के साथ मारपीट की थी। जिससे तंग आकर रेवती ने 15 अप्रैल को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के बाद पति चंद्रभान सास तुलसाबाई पर धारा 498 ए 304 बी के तहत केस दर्ज किया गया है।