श्मशान घाट के पास हत्या कर युवक का शव फेंका
बर्डोद. गांव उदनवास में शव को गाड़ी में रखवती पुलिस और ग्रामीण।
भास्कर न्यूज | शाहजहांपुर/बर्डोद
थाना क्षेत्र के गांव उदनवास के श्मशान घाट पर सड़क किनारे एक युवक की हत्या करने के बाद हत्यारे शव को पटक गए। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। थाना प्रभारी सुरेंद्र मलिक ने बताया कि अल सुबह उन्हें उदनवास के पूर्व सरपंच राजाराम गुर्जर का फोन आया एवं उन्होंने सड़क किनारे किसी युवक की डेड बॉडी पड़े होने की जानकारी दी। थाना प्रभारी मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे एवं एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। मृतक युवक करीब 27 वर्षीय है एवं कद 5.7 इंच है। मृतक की शर्ट पर अशोक टेलर बहरोड़ का टैग लगा हुआ है। पुलिस ने मृतक का शव शाहजहांपुर मोर्चरी मे रखवा दिया है। पुलिस हत्यारों सहित मृतक की शिनाख्ती का प्रयास कर रही है।