14 जगह 10 किमी में मिलेगा फ्री इंटरनेट
जिले में जल्दी ही हर हाथ में फ्री इंटरनेट की सौगात मिलेगी। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से जिले में 14 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां रेडियो फ्रिक्वेंसी टॉवर लगाए जाएंगे। इनमें 10 जगह टाॅवर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है और 4 जगह विभाग से एनओसी लेने का काम प्रक्रिया में है। राज्य सरकार ने इन 14 स्थानों का चयन आधुनिक तकनीक से बने सॉफ्टवेयर टूल डेस्कटॉप के जरिए किया है। जयपुर से टीम ने इस सॉफ्टवेयर के जरिए उस जगह के लेटीट्यूड व लांगीट्यूड को ट्रेस किया, जहां सिग्नल मजबूत हों और टाॅवर लगाए जा सकें। विभाग की ओर से लगाए जा रहे इन टॉवर्स की परिधि करीब 10 किलोमीटर तक होगी। मतलब एक टावर से उसके आसपास 10 किलोमीटर क्षेत्र में वाइफाई के सिग्नल मिलेंगे और वहां इंटरनेट चलाया जा सकेगा। इस दायरे में आने वाले सभी सरकारी भवन, स्कूल, हॉस्पिटल सहित तमाम सरकारी संस्थाएं कवर होंगी। प्रदेश में ऐसे 340 जगहों पर यह टॉवर लगाए जा रहे हैं।
डिजिटल अलवर
िजले में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 10 जगह टॉवर लगाने का काम शुरू
मुफ्त इंटरनेट सुविधा के लिए क्या करना होगा
टाॅवर लगने के बाद इंटरनेट चलाने के लिए आपको अपने मोबाइल नंबर को विभाग के पोर्टल पर रजिस्टर्ड कराना होगा, जो टावर चालू होने के बाद स्वतः ही आपके मोबाइल में दिखना शुरू हो जाएगा। नंबर रजिस्टर्ड होने के बाद वन टाइम पासवर्ड के जरिए आपको इंटरनेट चलाने के अधिकार मिल जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी उसी की होगी, जिसके नाम से सिम कार्ड रजिस्टर्ड है।
इन जगहों को किया चिह्नित
विभाग ने जिले में तिजारा की पंचायत समिति, खेड़ली नगरपालिका, सोड़ावास अटल सेवा केंद्र, मालाखेड़ा तहसील, गोविंदगढ़ तहसील, हरसौली राउमावि, बानसूर एसडीएम ऑफिस, बहरोड़ बीसीएमओ ऑफिस, कोटकासिम पंचायत समिति के पास, लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति, रामगढ़ राबाउमावि, रैणी तहसील के पास, शाहजहांपुर में राउमावि शाहजहांपुर और ककराली को चयनित किया है।