बहरोड़ अनाज मंडी के व्यापारी कुलदीप उर्फ गोलिया से 14 मई को दिनदहाड़े 4.50 लाख रुपए की लूट के मामले में पांचवे दिन भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इससे नाराज व्यापार मंडल सदस्यों ने शनिवार को बैठक की और पुलिस को अल्टीमेटम दिया कि सोमवार तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो बहरोड़ अनाज मंडी अनिश्चितकाल के लिए बंद रखी जाएगी। पुलिस ने भी बैठक कर लूट कांड को लेकर सुराग और तथ्यों की समीक्षा की।
अनाज मंडी व्यापार संघ मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक यादव, नरेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, माणकचंद, अनिल सेठ, वीरेंद्र यादव, विकास कुमार ने बताया कि 14 मई को मंडी व्यापारी कुलदीप उर्फ गोलिया की बाइक को कार सवार बदमाशाें ने टक्कर मारकर साढ़े चार लाख रुपए लुटकर ले गए। पांच दिन बाद भी लुटेरे पुलिस पकड़ से बाहर हैं। वारदात से व्यापारियों में भय बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस पर सवालिया निशान उठ रहे हैं। अनाज मंडी में करीब एक घंटे यह बैठक चली। इसमें घटना के पांच दिन बाद भी बदमाशाें काे पुलिस द्वारा नहीं पकड़ने पर राेष जताया गया। बैठक के दौरान व्यापारी रमेश सैनी, दिनेश गुप्ता, कृष्ण यादव, सीताराम गुप्ता, विकास रस्तोगी, नरेश खोहरी, बिड्दीचंद यादव, ओमप्रकश यादव, सुरेश अग्रवाल, करतार यादव, महेन्द्र सैनी, सतपाल यादव, सोमदत्त यादव, रामरहन अग्रवाल, बिक्रम यादव, पप्पू यादव, बिमलेश कुमार मौजूद रहे। उधर, नीमराना एएसपी हिमांशु ने भी पुलिस के अधिकारियों की बैठक ली। डीएसपी जनेश सिंह ने बताया कि व्यापारी से लूट के मामले में लुटेरों की धरपकड़ लिए बहरोड़, नीमराना, शाहजहांपुर, बानसूर, हरसौरा के सर्किल इंचार्ज व तत्कालीन थाना अधिकारी महावीर सिंह के नेतृ्त्व में टीमों का गठन किया गया। बदमाशाें काे पकड़ने की मुहिम की समीक्षा लगातार की जा रही है।
कॉल डिटेल पर फोकस करेगी पुलिस
एएसपी ने टीम अधिकारियों काे सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच और बारीकी से पड़ताल के निर्देश दिए। साथ ही मोबाइल एवं सीडीआर की जांच करने, बदमाशों का स्कैच तैयार करने एवं पूर्व में चालान हुए बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड जांच कर बदमाशों से पूछताछ करने को कहा। बैठक दो घंटे चली। टीम के हर सदस्य से चर्चा की गई। बहरोड़ थानाधिकारी भरत लाल, बानसूर थानाधिकारी मनोहर लाल मीणा, नीमराना थानाधिकारी पवन चौबे, शाहजहांपुर थानाधिकारी सुरेन्द्र मलिक, हरसौरा थानाधिकारी अजीत बड़सरा, इंस्पेक्टर महावीर सिंह शेखावत, एसआई लक्ष्मण सिंह, एएसआई बिक्रम सिंह, सिपाही संजय चौधरी सहित टीम सदस्यगण मौजूद रहे।