10 गांवों में मनेगा उज्ज्वला दिवस, सिरसोदा धुआं रहित गांव होगा घोषित
शाहपुर | एलपीजी कनेक्शन देने के लिए भारत सरकार ने उज्ज्वला योजना का विस्तार किया गया। इसमें सात नई श्रेणी के लोगों को शामिल किया गया हैं। इनमें एससी, एसटी, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के पात्र, अंत्योदय अन्न योजना कार्ड धारक, नदी द्वीप वासी, वन्य ग्राम वनवासी, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, चाय बागानों में काम करने वाले जनजाति लोगों को जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जिला नोडल अधिकारी नीलेश व्यास ने बताया जिले में 71 फीसदी घरों में एलपीजी कनेक्शन हो चुका है। पेट्रोलियम मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार की पहल पर 20 अप्रैल को जिले के 10 गांवों में उज्जवला दिवस मनाया जाएगा। 10 घरेलू गैस वितरकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है। इस आयोजन में ग्रामीण विकास मंत्रालय की सहभागिता होगी। स्वराज अभियान के लिए जिले के गांव सिरसोदा के 350 घर के 1590 लोगों को चयनित किया गया है। इस गांव को धुआं रहित गांव घोषित किया जाएगा।