राइजिंग लाइन का जॉइंट क्षतिग्रस्त, व्यर्थ बहा अमृत
शाहपुरा|पेजयल आपूर्ति के लिए अलवर तिराहा से शहर की मुख्य पेयजल टंकियों से जुड़ी राइजिंग लाइन में शनिवार रात जॉइंट क्षतिग्रस्त हो गया। इससे
हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे जलदायकर्मियों ने जॉइंट को ठीक कर दिया, लेकिन पानी के प्रेशर की वजह से जॉइंट सुबह फिर टूट गया। इससे कस्बे की कई टंकियों में पानी की आवक नहीं हो सकी और कई वार्डों मे जलापूर्ति प्रभावित रही। जलदाय विभाग के एईएन अभियंता बंशीधर ने बताया कि अलवर तिराहा के पास लगे नलकूपों से कस्बे की टंकियों में पानी की आवक होती है। बीती रात मुख्य राइजिंग लाइन का जॉइंट अलवर तिराहा के पास टूट गया। सूचना पर कर्मचारियों तत्काल ठीक कर दिया, लेकिन सुबह फिर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कस्बे की आदर्श कॉलोनी वाली टंकी और किलेवाली टंकी में पानी नहीं भरा जा सका। इससे जलापूर्ति नहीं हो पाई। जॉइंट को ठीक करवाकर सोमवार को प्रभावित क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारू करवा दी जाएगी।