पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Ambala
  • भेड़ों को चराने गए बुजुर्ग चरवाहे की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपाया

भेड़ों को चराने गए बुजुर्ग चरवाहे की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उपमंडल के गांव कोड़वा खुर्द में खेतों में पशु चराने गए एक बुजुर्ग की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपा दिया। बुजुर्ग का झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी ने सीन ऑफ क्राइम टीम व डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया। डीएसपी नारायणगढ़ राजबीर सिंह, डीएसपी बराड़ा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस हर पहलु पर जांच कर रही है।

पिलखनी गांव का मृतक सुंदर राम (65) प्रतिदिन जंगल में पशु चराने ले जाता था। सोमवार को भी वह पशुओं को चराने के लिए आया था, लेकिन शाम को घर नहीं पहुंचा। सुंदर राम जब पशु चराकर घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों न तलाश शुरू कर दी। देर रात तक उसको तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि उसके पशु नजदीक के गांव से मिल गए थे।

परिजन उसकी तलाश कर रहे थे कि मंगलवार सुबह वह तलाश करते हुए हुए खेतों के नजदीक झाड़ियों में पहुंचे तो उन्हें झाड़ियों के पास सुंदर राम का बीड़ी का बंडल व कपड़ा पड़ा हुआ मिला। उन्होंने झाड़ियों में तलाश शुरू कर दी। जहां मृतक के गले में रस्सी का फंदा लगाकर उसको झाड़ियों में ही बांध रखा था। उन्होंने इसकी सूचना गांव के सरपंच व पुलिस को दी।

मृतक के भाई घसीटू राम ने बताया कि सुंदर राम हर रोज सुबह 11 बजे के करीब पशु चराने के लिए जंगल में जाता था। सुंदर राम की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। सोमवार को वह अपनी 6 भैंसों को लेकर चराने आया था, लेकिन शाम को घर वापस नहीं लौटा, जिसके चलते उन्होंने उसकी तलाश की। हत्याकांड को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इस मामले को पशु तस्करों के साथ जोड़कर भी देखा जा रहा है। ग्रामीण आशंका जता रहे हैं कि पशु तस्कर अक्सर पंजाब की ओर से इस रास्ते से यूपी निकलते हैं। हो सकता है कि पशु ले जाने की नियत से घटना को पशु तस्करों ने ही अंजाम दिया हो।

सुंदर राम का फाइल फोटो।

गांव कोड़वा खुर्द में खेतों में मिले बुजुर्ग के शव की जांच करती सीन ऑफ क्राइम की टीम।

हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने के लिए छिपाया: डीएसपी

डीएसपी राजबीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया से मामला हत्या का नजर आता है। उन्होंने कहा कि ऐसा मालूम होता है कि बुजुर्ग की हत्या कहीं और की गई हो और उसके शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए यहां झाड़ियों में छिपा दिया गया हो। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस ने जांच टीमें गठित कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। पुलिस का प्रयास है कि वह जल्द ही इस मामले को सुलझा लेगी। पुलिस ने मृतक सुंदर राम के बेटे भाग सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।

हत्याकांड निंदनीय है: नर सिंह पाल

मौके पर पहुंचे पाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष नर सिंह पाल ने कहा कि इस हत्याकांड की वे निंदा करते हैं। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा लगभग साढ़े तीन साल पहले भी इस गांव के पाल समाज के एक युवक की हत्या हो गई थी, जिसको पुलिस आज तक सुलझा नहीं पाई। उन्होंने कहा कि वे समाज की ओर से डीसी से मिलकर इन दोनों हत्याकांड को शीघ्र सुलझाने के लिए ज्ञापन देंगे।

खबरें और भी हैं...