क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्य : नायब सैनी
वर्तमान सरकार में जहां हलका नारायणगढ़ में रिकार्ड तोड़ विकास के काम हो रहे हैं, वहीं पर शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
विकास की नई बुलंदियों की ओर अग्रसर इस हलके में जहां सड़कों एवं पुलों आदि का कार्य तेज गति से जारी है वहीं पर स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांव धनाना में लगभग 2 एकड़ भूमि पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अंतिम चरण मेें है। जिसका 95 प्रतिशत के लगभग कार्य पूर्ण हो चुका है। एक करोड़ 83 लाख रुपए की राशि खर्च की जा रही है। पीएचसी में ओपीडी, आप्रेशन थियेटर, लेबर रूम, आयुष, लैब तथा डेंटल रूम आदि का निर्माण किया गया है। नायब सिंह सैनी का कहना है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले इसके लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। हलके के गांव धनाना में पीएचसी के भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और भूरेवाला में पीएचसी तथा शहजादपुर में सीएचसी का कार्य जल्द शुरू होगा। नारायणगढ़ के नागरिक अस्पताल को 100 बेड करने के साथ-साथ ट्रामा सेंटर भी बनवाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आयुष्मान भारत योजना शुरू की गई है, जिसमें देश के 10 करोड़ परिवारों एवं 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिलेगी।